देश की खबरें | छत्तीसगढ़ में जनजातीय नृत्य महोत्सव और 'राज्योत्सव' मंगलवार से शुरू, सीएसएएस बहिष्कार करेगा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ में मंगलवार से तीन दिवसीय 'राष्ट्रीय जनजातीय नृत्य महोत्सव' और 'राज्योत्सव 2022' का आयोजन किया जाएगा। समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

रायपुर, 31 अक्टूबर छत्तीसगढ़ में मंगलवार से तीन दिवसीय 'राष्ट्रीय जनजातीय नृत्य महोत्सव' और 'राज्योत्सव 2022' का आयोजन किया जाएगा। समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

इधर, राज्य के 42 जनजातीय समुदायों का संगठन छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज (सीएसएएस) ने कांग्रेस सरकार पर जनजातीयों के आरक्षण अधिकारों की रक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए नृत्य महोत्सव का बहिष्कार करने की घोषणा की है।

राज्य के जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एक से तीन नवंबर तक राजधानी रायपुर के सांइस कॉलेज मैदान में राष्ट्रीय जनजातीय नृत्य महोत्सव और राज्योत्सव का आयोजन होगा।

अधिकारियों ने बताया कि उद्घाटन कार्यक्रम एक नवंबर को सुबह 11 बजे आयोजित किया जाएगा। उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुख्य अतिथि होंगे तथा विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर चरणदास महंत कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।

इसी दिन शाम सात बजे से राज्य अलंकरण समारोह का आयोजन होगा, कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यपाल अनुसूईया उइके होंगी तथा अध्यक्षता मुख्यमंत्री भूपेश बघेल करेंगे।

उन्होंने बताया कि राज्योत्सव का समापन तीन नवंबर को शाम सात बजे होगा जिसमें मुख्य अतिथि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रहेंगे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय जनजातीय नृत्य महोत्सव में भारत के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों समेत नौ देशों मोजांबिक, मंगोलिया, टोंगो, रशिया, इंडोनेशिया, मालदीव, सर्बिया, न्यूजीलैंड और इजिप्ट के 1500 जनजातीय कलाकार शामिल होंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विदेशों से जनजातीय कलाकारों का दल रायपुर पहुंच रहा है। मध्य प्रदेश के विभाजन के बाद एक नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ था।

इधर, राज्य के छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज (सीएसएएस) ने राष्ट्रीय जनजातीय नृत्य महोत्सव का बहिष्कार करने की घोषणा की है।

सीएसएएस के कार्यकारी अध्यक्ष बीएस रावटे ने कहा कि पिछले महीने से जनजातीय समुदाय के लिए 32 प्रतिशत आरक्षण का लाभ बंद किए जाने के बाद राज्यभर के जनजातीयों में गुस्सा है। इसलिए जनजातीय नृत्य महोत्सव का बहिष्कार करने का फैसला किया गया है।

रावटे ने बताया कि एक से तीन नवंबर तक जिलों में राज्योत्सव और जनजातीय नृत्य समारोह का विरोध किया जाएगा। वहीं विधायक, सांसद, मंत्री के निवास के सामने उन्हें जगाने के लिए नगाड़ा बजाया जाएगा।

छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने पिछले महीने राज्य सरकार के वर्ष 2012 में जारी उस आदेश को खारिज कर दिया था जिसमें सरकारी नौकरियों और शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश में आरक्षण को 58 प्रतिशत तक बढ़ाया गया था।

न्यायालय ने कहा था कि 50 प्रतिशत की सीमा से अधिक आरक्षण असंवैधानिक है। इस फैसले के बाद जनजातीय समुदायों के लिए आरक्षण 32 प्रतिशत से घटकर 20 प्रतिशत हो गया है।

रावटे ने कहा, ''इस मामले में उच्च न्यायालय के आदेश को एक महीने से अधिक समय हो गया है, लेकिन अभी तक राज्य सरकार ने इसके खिलाफ उच्चतम न्यायालय में अपील नहीं की है। मुख्यमंत्री केवल आश्वासन दे रहे हैं।''

उन्होंने कहा कि सर्व जनजातीय समाज ने राज्य में आदिवासियों के लिए 32 प्रतिशत आरक्षण लाभ बहाल करने की मांग को लेकर राज्य में 15 नवंबर को आर्थिक नाकेबंदी का भी आह्वान किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

IPL 2026 Points Table With Net Run-Rate (NRR): राजस्थान रॉयल्स से जीतकर सातवें पायदान पर पहुंची दिल्ली कैपिटल्स, टॉप तीन पर इन टीमों का कब्जा, देखें अपडेट पॉइंट्स टेबल

DC vs RR, IPL 2026 62nd Match Scorecard: रोमांचक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से दी करारी शिकस्त, केएल राहुल और अभिषेक पोरेल ने खेली ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

CSK vs SRH, IPL 2026 63rd Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा चेन्नई सुपरकिंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद के बीच रोमांचक मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

Central Railway: RPF ने चार महीने में 584 बच्चों और जरूरतमंद लोगों को परिवार से मिलाया, 25 यात्रियों की बचाई जान