देश की खबरें | आंधी के कारण पुरी-हावड़ा वंदे भारत ट्रेन पर पेड़ की शाखाएं गिरीं, शीशा टूटा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा के जाजपुर जिले में रविवार को आंधी के दौरान पुरी-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस पर पेड़ की शाखाएं गिर गईं, जिससे इसका शीशा टूट गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
कोलकाता/भुवनेश्वर, 21 मई ओडिशा के जाजपुर जिले में रविवार को आंधी के दौरान पुरी-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस पर पेड़ की शाखाएं गिर गईं, जिससे इसका शीशा टूट गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पेड़ की शाखाएं ट्रेन के ‘पेंटोग्राफ’ में फंस गईं, जिससे ट्रेन का संचालन बाधित हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शाम लगभग पौने पांच बजे बैतरनी रोड और मंजुरी रोड स्टेशनों के बीच हुई। ट्रेन पुरी से हावड़ा की ओर जा रही थी।
हावड़ा-पुरी-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस को बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हरी झंडी दिखाई थी और शनिवार से इसका व्यावसायिक संचालन शुरू हुआ था।
दक्षिण पूर्व रेलवे के एक अधिकारी ने कहा कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है।
उन्होंने बताया कि रेलवे के तकनीकी कर्मचारी आंधी-बारिश के कारण फंसी ट्रेन का निरीक्षण कर रहे हैं।
अधिकारी ने कहा, ‘‘एक डीजल इंजन ट्रेन को मंजुरी रोड स्टेशन तक लाएगा क्योंकि पेंटोग्राफ ऊपरी तार से उलझा हुआ है। इसके बाद मंजुरी रोड स्टेशन से गंतव्य तक ट्रेन अपने इंजन के जरिये जाएगी।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)