राजस्थान के जालौर, उदयपुर व जोधपुर से उत्तरप्रदेश के प्रवासियों को लेकर ट्रेनें रवाना
जालौर से जौनपुर तक के लिए दूसरी विशेष श्रमिक रेलगाड़ी शाम में 6.25 बजे रवाना हुई जिसमें लगभग 800 प्रवासी श्रमिक रवाना हुए।
जयपुर, 14 मई राजस्थान के जालौर, उदयपुर और जोधपुर जिलों से उत्तरप्रदेश के विभिन्न स्थानों के लिये 3398 प्रवासियों को लेकर बृहस्पतिवार को तीन ट्रेनें रवाना हुईं।
जालौर से जौनपुर तक के लिए दूसरी विशेष श्रमिक रेलगाड़ी शाम में 6.25 बजे रवाना हुई जिसमें लगभग 800 प्रवासी श्रमिक रवाना हुए।
यह विशेष श्रमिक रेलगाड़ी इटावा, रायबरेली, प्रतापगढ़ होते हुए जौनपुर तक जाएगी।
ट्रेन के रवाना होने से पहले जिला कलक्टर हिमांशु गुप्ता ने ट्रेन यात्रियों को मास्क एवं पानी की बोतलें दी।
एक अन्य ट्रेन उदयपुर से उत्तरप्रदेश के 1,434 प्रवासियों को लेकर गोरखपुर रवाना हुई। इनमें बड़ी संख्या में श्रमिक और विद्यार्थी शामिल थे।
इस दौरान जिला कलक्टर आनंदी ने इन प्रवासियों की रवानगी से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से प्रवासियों को भोजन के पैकेट उपलब्ध कराए गए।
जोधपुर स्टेशन से 1,164 यात्रियों को लेकर दूसरी श्रमिक स्पेशल ट्रेन फतेहपुर के लिए रवाना हुई।
जोधपुर के जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सांगरिया में फतेहपुर जाने वाले पंजीकृत यात्रियों के पंजीयन का सत्यापन करने के साथ उनकी थर्मल स्क्रीनिंग करवाई गई। इस ट्रेन में जैसलमेर, अजमेर व पाली जिलों से भी आए यात्रियों को भेजा गया।
ट्रेन रवाना होने से पूर्व सभी यात्रियों के स्वास्थ्य जांच के साथ ही दस्तावेजों का सत्यापन किया गया तथा भोजन के पैकेट व पानी की बोतलें वितरित की गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 14, 2020 11:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

