देश की खबरें | दिल्ली के कुछ हिस्सों में बारिश होने से यातायात बाधित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में शनिवार को बारिश हुई, जिससे यातायात बाधित हो गया और जगह-जगह जलभराव हो गया।
नयी दिल्ली, 10 अगस्त राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में शनिवार को बारिश हुई, जिससे यातायात बाधित हो गया और जगह-जगह जलभराव हो गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि दिल्ली में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम है।
पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में बारिश हुई।
मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को दिन में बादल छाए रहने और गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है।
विभाग ने बताया कि दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
दिल्ली यातायात पुलिस ने शनिवार को बताया कि बारिश होने से रोहतक रोड पर यातायात प्रभावित हुआ है।
दिल्ली यातायात पुलिस ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''नांगलोई से टीकरी बॉर्डर की ओर जाने वाले रोहतक रोड पर गड्ढों और जलभराव के कारण यातायात प्रभावित है। कृपया मुंडका से जाने से बचें और वैकल्पिक मार्ग अपनाएं।''
राजधानी में सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता का स्तर 92 प्रतिशत दर्ज किया गया।
दिल्ली में शुक्रवार को भी भारी बारिश हुई और शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया।
आईएमडी ने बताया कि लोधी रोड वेधशाला में शुक्रवार रात 11.30 बजे से शनिवार देर रात 2.30 बजे तक 12 मिलीमीटर बारिश हुई। इसी अवधि में रिज वेधशाला में 5.8 मिलीमीटर और आयानगर वेधशाला में 1.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 67 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ की श्रेणी में आता है।
शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 10, 2024 03:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

