देश की खबरें | दिल्ली में बारिश के कारण यातायात प्रभावित, कई इलाकों में जलजमाव
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को हुई बारिश की वजह से कई स्थानों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई और सड़कों पर लंबा जाम देखने को मिला जिसकी वजह से यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
नयी दिल्ली, 27 जून राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को हुई बारिश की वजह से कई स्थानों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई और सड़कों पर लंबा जाम देखने को मिला जिसकी वजह से यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
यातायात पुलिस और दिल्ली नगर निगम को जलभराव, यातायात जाम और गिरे हुए पेड़ों के बारे में कई कॉल प्राप्त हुईं।
जलजमाव के कारण अक्षरधाम क्षेत्र से गाजीपुर मीट मार्केट तक जाम लग गया और वाहन रेंगते हुए दिखाई दिए। इसी प्रकार की स्थिति अक्षरधाम से सरायकाले खां तक देखने को मिली।
गाजियाबाद निवासी अवधेश मेहरा ने बताया कि उन्हें घर पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लगा। उन्होंने कहा, ‘‘अक्षरधाम के पास से उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले रास्ते पर भारी जाम था। गाजीपुर मीट मार्केट चौराहे के पास जलजमाव था। मुझे उस रास्ते से अपने घर तक पहुंचने में एक घंटे का समय लग गया। यातायात की स्थिति बहुत खराब थी।’’
मध्य दिल्ली स्थित एक कंपनी में काम करने वाली अक्षिता शर्मा ने बताया कि एनएच-48 पर टोल गेट के पास भारी जाम था। उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपनी कार से पुराने गुड़गांव से मध्य दिल्ली जाती हूं। मुझे अपने कार्यालय पहुंचने में करीब डेढ़ घंटा लगता है। आज बारिश की वजह से एनएच-48 पर टोल गेट से लेकर धौला कुआं तक यातायात का दबाव अधिक था जिसकी वजह से मुझे कार्यालय पहुंचने में दो घंटे से अधिक समय लगा।’’
जल जमाव की वजह से आईटीओ पर भी यातायात प्रभावित रहा। लोगों ने यातायात संबंधी समस्याओं का साझा करने के लिए सोशल मीडिया मंच का सहारा लिया।
यात्रियों ने बताया कि राजा गार्डन मार्बल मार्केट से नारायणा तक, मीरा बाग/विकासपुरी फ्लाईओवर से पीरागढ़ी की ओर तथा महिपालपुर-गुरुग्राम मार्ग भारी जाम की स्थिति रही।
पुलिस ने बताया कि उसे मायापुरी फ्लाईओवर, झंडेवालान मंदिर, पीरागढ़ी चौक, पश्चिम विहार, पंजाबी बाग आदि से जलजमाव की सूचना मिली जबकि आनंद विहार से गाजीपुर, शाहदरा, दिलशाद गार्डन आदि स्थानों पर लोगों ने यातायात जाम की स्थिति की जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मंदिर मार्ग और मयूर विहार फेज-1 इलाकों में दो पेड़ गिर गए।
दिल्ली नगर निगम ने कहा कि उसे खारी बावली, लोधी कॉलोनी, मोहन गार्डन, नवादा, वसंत कुंज सहित कई क्षेत्रों से जलजमाव की 32 शिकायतें मिलीं जबकि विष्णु गार्डन, निजामुद्दीन पश्चिम, पटपड़गंज, जीटीबी नगर आदि से पेड़ गिरने को लेकर 15 कॉल आईं।
इसी तरह, दिल्ली लोक निर्माण विभाग ने बताया कि उसे बृहस्पतिवार को जलजमाव से संबंधित 20 कॉल आईं।
अधिकारियों के मुताबिक, आनंद पर्वत, आईपी एक्सटेंशन, गाजीपुर मुर्गा मंडी, सब्जी मंडी, मयूर विहार, पहाड़गंज, मयूर विहार, शिवाजी मार्ग, टैगोर गार्डन और मायापुरी चौक से जलजमाव की शिकायतें मिलीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 27, 2024 09:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

