देश की खबरें | किसान आंदोलन के चलते सीमाओं पर अवरोधक लगाए जाने से यातायात प्रभावित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. किसानों के ‘दिल्ली चलो’ मार्च के मद्देनजर पुलिस ने सिंघू और टिकरी सीमाओं पर कई स्तर के अवरोधक लगाकर वाहनों की आवाजाही रोक दी, जिससे बुधवार को दिल्ली के सीमावर्ती इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ।
नयी दिल्ली, 14 फरवरी किसानों के ‘दिल्ली चलो’ मार्च के मद्देनजर पुलिस ने सिंघू और टिकरी सीमाओं पर कई स्तर के अवरोधक लगाकर वाहनों की आवाजाही रोक दी, जिससे बुधवार को दिल्ली के सीमावर्ती इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ।
हरियाणा से सटी सिंघु और टिकरी सीमाएं यातायात के लिए पूरी तरह से बंद कर दी गई हैं जबकि गाजीपुर बॉर्डर पर अभी भी विनियमित तरीके से वाहनों की आवाजाही की अनुमति है।
किसानों के दिल्ली मार्च को रोकने के लिए सिंघु बॉर्डर के पास एक गांव में सड़क का एक हिस्सा खोद दिया गया।
उत्तर प्रदेश से लगी अप्सरा और गाजीपुर सीमाएं यातायात के लिए खुली हैं लेकिन दोनों पर भारी सुरक्षा बल तैनात है।
शाहदरा से नोएडा सेक्टर-62 की ओर यात्रा कर रहे अंकित सिंह ने कहा कि गाजीपुर बॉर्डर पर यातायात थोड़ा प्रभावित हुआ है।
सिंह ने कहा, ‘‘मुझे लगा कि यातायात बंद हो सकता है और मैं अपने कार्यालय तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्ग लेने की योजना बना रहा था। हालांकि, गाजीपुर बॉर्डर पर वाहनों की आवाजाही मामूली रूप से प्रभावित हुई है। वहां भारी सुरक्षा तैनाती है।’’
लोगों को मंगलवार को दिल्ली और हरियाणा के बीच सिंघू बॉर्डर को पैदल पार करना पड़ा क्योंकि पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी की ओर किसानों के मार्च के मद्देनजर वाहनों की आवाजाही रोक दी थी।
हरियाणा के करनाल में रहने वाले हेम सिंह ने कहा कि वह एक शादी में शामिल होने के लिए उत्तर-पूर्वी दिल्ली जा रहे थे लेकिन उनकी बस को सीमा से लगभग एक किलोमीटर पहले रुकना पड़ा।
सिंह ने कहा, ‘‘बुधवार को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी में मेरे भतीजे की शादी है और हम यातायात प्रतिबंध के कारण फंस गए हैं। बस चालक ने सीमा से एक किलोमीटर पहले वाहन रोक दिया। हम दिल्ली की ओर पैदल जा रहे हैं और निश्चित नहीं हैं कि हमें कोई वाहन मिलेगा या नहीं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमें किसानों के मार्च के बारे में पता था, लेकिन यह अंदाजा नहीं था कि हम यहां फंस जाएंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 14, 2024 12:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

