एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में कुएं में गिरा ट्रैक्टर-ट्रॉली, सात महिला मजदूरों की मौत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में शुक्रवार की सुबह एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के कुएं में गिर जाने से खेत में काम करने वाली सात महिला मजदूरों की मौत हो गई और तीन अन्य को बचा लिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

देश की खबरें | महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में कुएं में गिरा ट्रैक्टर-ट्रॉली, सात महिला मजदूरों की मौत

छत्रपति संभाजीनगर, चार अप्रैल महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में शुक्रवार की सुबह एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के कुएं में गिर जाने से खेत में काम करने वाली सात महिला मजदूरों की मौत हो गई और तीन अन्य को बचा लिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मृतकों में दो की उम्र 18 वर्ष है।

जिला सूचना अधिकारी (डीआईओ) प्रवीण ताके ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह लगभग 7:30 बजे लिंबगांव पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले असेगांव गांव में हुई, जब वाहन सड़क से उतरकर पानी से लबालब भरे कुएं में गिर गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस और स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और कुएं से बड़ी मात्रा में पानी पंप की मदद से बाहर निकाला।

डीआईओ ने बताया कि सात महिलाओं के शव कुएं से बाहर निकाले गए, जबकि तीन अन्य को बचा लिया गया।

अधिकारी ने बताया कि सभी महिलाएं हिंगोली जिले के वासमत तहसील के अंतर्गत आने वाले गुंजगांव की रहने वाली थीं।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान ताराबाई सतवाजी जाधव (35), ध्रुपता सतवाजी जाधव (18), सरस्वती लखन बुराड (25), सिमरन संतोष कांबले (18), चैत्रबाई माधव पारधे (45), ज्योति इराबाजी सराओदे (35), सपना तुकाराम राउत (25) के रूप में हुई है।

तीन अन्य महिला खेतिहर मजदूरों को कुंए से बचा लिया गया। इनके नाम पार्वतीबाई बुराड (35), पुरभाबाई कांबले (40), सतवाजी जाधव (55) हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुर्घटना में हुई जानमाल की क्षति पर शोक व्यक्त किया और प्रत्येक मृतक के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि घायलों को 50-50 हजार रुपये दिये जायेंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा, "महाराष्ट्र के नांदेड़ में हुई दुर्घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है।"

मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने मजदूरों की मौत पर दुख व्यक्त किया और प्रत्येक मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, "आज सुबह नांदेड़ जिले के असेगांव में दुर्घटना में कुछ महिलाओं की मौत हो गई, जब 11 महिला मजदूरों को ले जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली कुएं में गिर गई। मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। ये महिलाएं हिंगोली जिले के गुंजगांव की थीं और कृषि कार्य के लिए जा रही थीं।"

उन्होंने घोषणा की, "मृतकों के परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच-पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी।"

मुख्यमंत्री ने कहा, "तीन महिलाओं को सुरक्षित बचा लिया गया है। हम हिंगोली और नांदेड़ प्रशासन के संपर्क में हैं।"

बाद में पत्रकारों से फडणवीस ने कहा कि दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए जाएंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 04, 2025 07:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).