खेल की खबरें | ट्रैक एवं फील्ड एथलीटों ने राष्ट्रीय खेलों में बटोरीं सुर्खियां; कुजूर ने 100 मी में स्वर्ण पदक जीता
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. ओडिशा के उभरते सितारे अनिमेष कुजूर ने शनिवार को यहां अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी में 38वें राष्ट्रीय खेलों में मीट रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता जिसमें शनिवार को ट्रैक और फील्ड एथलीटों ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं।
देहरादून, आठ फरवरी ओडिशा के उभरते सितारे अनिमेष कुजूर ने शनिवार को यहां अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी में 38वें राष्ट्रीय खेलों में मीट रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता जिसमें शनिवार को ट्रैक और फील्ड एथलीटों ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं।
एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के शुरुआती दिन दांव पर लगे 10 स्वर्ण में से महाराष्ट्र और सेना ने दो-दो स्वर्ण जीते, जबकि ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और तमिलनाडु ने एक-एक स्वर्ण जीता।
सेना ने शनिवार को तीन स्वर्ण पदक जीते और 71 पदक (42 स्वर्ण, 16 रजत, 13 कांस्य) के साथ तालिका में शीर्ष पर बरकरार है। इसके बाद कर्नाटक (30 स्वर्ण, 12 रजत, 16 कांस्य) और महाराष्ट्र (25 स्वर्ण, 42 रजत, 46 कांस्य) का स्थान रहा।
मध्य प्रदेश 19 स्वर्ण, 13 रजत और 18 कांस्य पदक के साथ चौथे स्थान पर रहा जबकि हरियाणा 18 स्वर्ण, 26 रजत और 28 कांस्य पदक के साथ पांचवें स्थान पर रहा।
पिछले दिन की तुलना में शीर्ष पांच रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ, लेकिन शनिवार को छह स्वर्ण सहित 13 पदकों के साथ उत्तराखंड चार स्थान की छलांग लगाकर छठे स्थान पर पहुंच गया ।
मेजबान टीम के पास अब कुल 61 पदक (14 स्वर्ण, 22 रजत, 26 कांस्य) हो गए हैं।
इक्कीस साल के कुजूर ने 10.28 सेकंड का समय लेकर असम के अमलान बोरगोहेन के इन खेलों के रिकॉर्ड की बराबरी की। बोरगोहेन ने 2022 में गुजरात में इस समय के साथ स्वर्ण पदक जीता था।
कुजूर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय 10.27 सेकंड है। कुजूर 2024 में फेडरेशन कप और राष्ट्रीय अंतर-राज्य चैंपियनशिप दोनों में 100 मीटर के रजत पदक विजेता हैं।
महाराष्ट्र के प्रणव गुरव 10.32 सेकेंड के समय के साथ रजत विजेता रहे, जबकि बोरगोहेन 10.43 सेकेंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक सेना के मणिकांत होबलीधर 10.46 सेकंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहे। 2023 में उनका राष्ट्रीय रिकॉर्ड 10.23 सेकंड का है।
महाराष्ट्र की सुदेशना शिवंकर ने 11.76 सेकंड के समय के साथ महिलाओं की 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता, जबकि तेलंगाना की निथ्या गंधे (11.79) और तमिलनाडु की गिरिधरानी रविकुमार (11.88) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।
हिमाचल प्रदेश के सावन बरवाल ने पुरुषों की 10,000 मीटर फाइनल में 28:49.93 मिनट के खेल रिकॉर्ड समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले यह रिकॉर्ड गुजरात में 2022 में गुलवीर सिंह ने 28:54.29 के समय के साथ बनाया था।
इस स्पर्धा में महाराष्ट्र के किरण मात्रे (29:04.76) और मध्य प्रदेश के विनोद सिंह (29:43.60) ने क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीता।
महिलाओं की 10,000 मीटर फाइनल में महाराष्ट्र की अनुभवी संजीवनी जाधव ने 33:33.47 मिनट के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता।
पेरिस ओलंपिक में 5000 मीटर में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली उत्तराखंड की अंकिता ध्यानी ने 10,000 मीटर में 34:31.03 का समय लेते हुए रजत पदक हासिल किया। उत्तराखंड की एक अन्य एथलीट सोनिया ने 35:45.19 का समय लेकर कांस्य पदक जीता।
महिलाओं की 1500 मीटर फाइनल में दिल्ली की 2022 सत्र की चैंपियन केएम चंदा ने राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक मध्य प्रदेश की केएम दीक्षा को हराकर स्वर्ण पदक जीता। चंदा ने 4: 17.74 सेकंड का समय निकाला, जबकि दीक्षा 4:21.92 सेकंड से काफी पीछे रहीं। पंजाब की अमनदीप कौर ने 4:22.75 के समय के साथ कांस्य पदक जीता।
पुरुषों की डिस्कस थ्रो (चक्का फेंक) स्पर्धा में सेना के गगनदीप सिंह ने 55.01 मीटर के प्रयास के साथ 2023 सत्र में जीते गए स्वर्ण पदक का बचाव किया। इस स्पर्धा में हरियाणा के निर्भय सिंह (54.07 मीटर) ने रजत जबकि केरल के एलेक्स पी थंकाचन (52.79 मीटर) ने कांस्य पदक हासिल किया।
लॉन बॉल प्रतियोगिता के अंतिम दिन राष्ट्रमंडल खेलों (2022) के रजत विजेता पुरुष टीम के सदस्यों सुनील बहादुर और दिनेश कुमार ने अपनी अपनी स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक के साथ झारखंड का दबदबा कायम रखा।
झारखंड ने दो स्वर्ण और इतने ही कांस्य पदक भी जीते।
सुनील ने फाइनल में चंदन कुमार को 21-17 से हराकर पुरुष एकल का स्वर्ण पदक जीता। चंदन 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में ‘पुरुषों की फोर टीम’ के भी सदस्य थे जिसने रजत पदक जीता था। इस टीम के अन्य दो दिनेश और नवनीत सिंह थे।
पश्चिम बंगाल के सौमेन बनर्जी और असम के पुतुल सोनोवाल ने कांस्य पदक जीता।
पुरुष वर्ग के फोर फाइनल में दिनेश, आलोक लाकड़ा, मोहम्मद वसीम और अभिषेक लाकड़ा की झारखंड टीम ने पश्चिम बंगाल को 17-10 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। असम और मणिपुर ने एक-एक कांस्य पदक जीता।
यह सुनील और दिनेश दोनों के लिए इन खेलों का दूसरा स्वर्ण था। उन्होंने पुरुषों की पेयर स्पर्धा में जोड़ी बनाकर शीर्ष स्थान हासिल किया था।
बर्मिंघम में राष्ट्रमंडल खेलों में देश का पहला लॉन बॉल स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाली महिला फोर चैंपियन टीम का हिस्सा रही लवली चौबे और रूपा रानी टिर्की को हालांकि महिलाओं की पेयर स्पर्धा में ओडिशा से 14-16 से हार हार कर सामना करने के बाद कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
सेमीफाइनल में पश्चिम बंगाल से 3-25 से हारने के बाद महिला ट्रिपल में सरिता तिर्की, रेशमा कुमारी और कविता कुमारी को भी कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
बिहार ने महिला ट्रिपल्स में स्वर्ण पदक जीता जबकि असम महिला टीम पेयर्स स्पर्धा में शीर्ष पर रही।
लवली और रूपा ने बुधवार को यहां खिताब जीतने वाली झारखंड महिला फोर टीम के हिस्से के रूप में भी स्वर्ण पदक जीता था।
लॉन बॉल में झारखंड पांच स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर रहा।
टेनिस में कर्नाटक के प्रज्वल देव तथा निक्की के पूनाचा की जोड़ी और सेना की इशाक इकबाल तथा फैसल कमर की जोड़ी सेमीफाइनल में अपने-अपने विरोधियों को हराने के बाद पुरुष युगल फाइनल में आमने-सामने होंगी।
देव-पूनाचा की जोड़ी ने सेमीफाइनल मैचों में दिल्ली के शिवांक भटनागर और सार्थक सुडेन को आसानी से 6-3, 6-0 से हराया, जबकि इकबाल-कमर की जोड़ी ने तमिलनाडु के अभिनव संजीव एस और मनीष सुरेशकुमार को 6-1, 6-2 से हराया।
मिश्रित वर्ग के क्वार्टर फाइनल में तमिलनाडु के लोहित अक्ष बद्रीनाथ तथा लक्ष्मी प्रभा अरुणकुमार की जोड़ी के साथ हरियाणा की सुनील कुमार और अदिति रावत की जोड़ी, पश्चिम बंगाल की नितिन कुमार सिन्हा और युब्रानी बनर्जी की जोड़ी और कर्नाटक की निक्की के पूनाचा और सोहा सादिक की जोड़ी भी सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रही।
हरिद्वार में खेले जा रहे हॉकी मैचों में मणिपुर और मध्य प्रदेश ने महिलाओं की स्पर्धा में अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों पर जीत दर्ज की जबकि पुरुष वर्ग में महाराष्ट्र और कर्नाटक ने अपने मुकाबले जीते ।
दिन के शुरुआती मुकाबले में मणिपुर की महिलाओं ने मेजबान उत्तराखंड को 5-2 से हराया। उत्तराखंड चार मैच में हार के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गया है जबकि मणिपुर चार अंक लेकर पूल बी तालिका में चौथे स्थान पर है।
मध्य प्रदेश ने पूल ए के मैच में पश्चिम बंगाल को 2-1 से हराकर शीर्ष स्थान बरकरार रखा।
पुरुषों की स्पर्धा में महाराष्ट्र ने पूल बी के मुकाबले में मेजबान उत्तराखंड के खिलाफ 2-1 से जीत हासिल की। महाराष्ट्र सात अंक के साथ दूसरे स्थान पर है। उत्तराखंड चार मैच में सिर्फ एक अंक के साथ बाहर हो गया है।
कर्नाटक ने मणिपुर को 4-1 से हराकर पूल ए तालिका में शीर्ष स्थान बरकरार रखा। कर्नाटक के नौ अंक हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 08, 2025 10:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

