देश की खबरें | ज्योति मल्होत्रा को केरल आमंत्रित करने के लिए पर्यटन विभाग, मंत्री दोषी नहीं: यूडीएफ
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) ने मंगलवार को कहा कि न तो पर्यटन विभाग और न ही इसके प्रमुख मंत्री को सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ज्योति मल्होत्रा को राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आमंत्रित करने के वास्ते दोषी ठहराया जा सकता है। ज्योति पर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का संदेह है।
तिरुवनंतपुरम, आठ जुलाई केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) ने मंगलवार को कहा कि न तो पर्यटन विभाग और न ही इसके प्रमुख मंत्री को सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ज्योति मल्होत्रा को राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आमंत्रित करने के वास्ते दोषी ठहराया जा सकता है। ज्योति पर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का संदेह है।
केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीशन ने कहा कि अगर सरकार को पता होता कि ज्योति जासूस है, तो वह उसे राज्य में कभी आमंत्रित नहीं करती।
उन्होंने कहा, "जब वह यहां थी, तो किसी को नहीं पता था कि वह जासूसी कर रही थी। तो, इस बारे में क्या किया जा सकता है? हम एक जिम्मेदार विपक्ष हैं। हम सरकार को अनावश्यक रूप से दोष नहीं देते हैं।"
सतीशन ने यह भी कहा कि अगर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) विपक्ष में होती, तो इस मुद्दे पर पर्यटन मंत्री के इस्तीफे की मांग करती।
विपक्षी नेता राज्य सरकार की ओर से केरल में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ज्योति को आमंत्रित किए जाने के संबंध में संवाददाताओं के सवालों का जवाब दे रहे थे।
यह मुद्दा इसलिए महत्वपूर्ण हो गया है, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता के सुरेंद्रन ने हाल ही में सवाल उठाया था कि केरल के पर्यटन विभाग ने "पाकिस्तान से जुड़ी जासूस की यात्रा" को क्यों प्रायोजित किया।
केरल के पर्यटन मंत्री पीए मोहम्मद रियास ने इस आरोप को "बेकार का दुष्प्रचार" बताकर खारिज कर दिया था। उन्होंने मंगलवार को दोहराया कि जब ज्योति को राज्य में आमंत्रित किया गया था, तब सरकार को इस बात की जानकारी नहीं थी कि वह किस काम में शामिल थी।
रियास ने कहा कि सरकार को किसी भी एजेंसी से ज्योति के बारे में कोई प्रतिकूल जानकारी नहीं मिली थी।
उन्होंने कहा, "वह (ज्योति) भाजपा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के शासन वाले राज्यों में गई। अब कुछ भाजपा नेता मामले की जांच चाहते हैं। इन सबके पीछे की मंशा केवल अनावश्यक विवाद पैदा करना है।"
बढ़ते विवाद के बीच ज्योति का तत्कालीन केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन के साथ बातचीत का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कुछ मलयालम समाचार चैनलों ने भी यह वीडियो प्रसारित किया, जिसमें ज्योति सितंबर 2023 में कासरगोड से तिरुवनंतपुरम के बीच नारंगी रंग की वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाए जाने के दौरान मुरलीधरन का साक्षात्कार लेते नजर आ रही है।
वीडियो में भाजपा नेता को अंग्रेजी और मलयालम में यह बताते हुए देखा जा सकता है कि यह ट्रेन राज्य के लोगों के लिए किस तरह लाभकारी होगी।
इस घटनाक्रम पर न तो मुरलीधरन और न ही भाजपा ने कोई प्रतिक्रिया दी है।
ज्योति को पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद इस साल मई में पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के संदेह में गिरफ्तार किया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 08, 2025 08:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

