विकेटों के पीछे धोनी की जगह लेने का दबाव बहुत अधिक : राहुल
धोनी ने 2014 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था और पिछले साल इंग्लैंड में खेले गये विश्व कप सेमीफाइनल के बाद से उन्होंने सीमित ओवरों की क्रिकेट भी नहीं खेली है। राहुल ने इस साल जनवरी में आस्ट्रेलिया के खिलाफ सीमित ओवरों की श्रृंखला में विकेटकीपर की भूमिका निभायी और न्यूजीलैंड दौरे के दौरान भी उन्होंने यह जिम्मेदारी संभाली।
मुंबई, 27 अप्रैल पिछले कुछ समय से भारत के लिये सीमित ओवरों की क्रिकेट में विकेटकीपर की भूमिका निभा रहे केएल राहुल ने कहा कि विकेटों के पीछे दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी की जगह लेने का बहुत अधिक दबाव रहता है क्योंकि प्रशंसक आपसे काफी उम्मीदें लगाये रहते हैं।
धोनी ने 2014 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था और पिछले साल इंग्लैंड में खेले गये विश्व कप सेमीफाइनल के बाद से उन्होंने सीमित ओवरों की क्रिकेट भी नहीं खेली है। राहुल ने इस साल जनवरी में आस्ट्रेलिया के खिलाफ सीमित ओवरों की श्रृंखला में विकेटकीपर की भूमिका निभायी और न्यूजीलैंड दौरे के दौरान भी उन्होंने यह जिम्मेदारी संभाली।
राहुल ने स्टार स्पोर्ट्स के कार्यक्रम ‘क्रिकेट कनेक्टेड’ में कहा, ‘‘जब मैं भारत की तरफ से विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी निभा रहा था तो नर्वस था क्योंकि दर्शकों के कारण आप पर दबाव रहता है। अगर आप चूक जाते हैं तो लोग सोचते हैं कि आप महेंद्र सिंह धोनी की जगह नहीं ले सकते।’’
उन्होंने कहा, ‘‘धोनी जैसे दिग्गज विकेटकीपर की जगह लेने का दबाव बहुत अधिक था, क्योंकि विकेटकीपर के रूप में किसी को स्वीकार करने पर लोगों के दिमाग में यह बात जरूर आती है।’’
अब तक 32 वनडे और 42 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके राहुल ने कहा कि विकेटकीपिंग उनके लिये नया काम नहीं है क्योंकि वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दौरान तथा अपनी रणजी टीम कर्नाटक की तरफ से पहले भी यह भूमिका निभा चुके हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘जो लोग क्रिकेट पर नजर रखते हैं वे जानते हैं कि मैं लंबे समय तक विकेटकीपिंग से दूर नहीं रहा क्योंकि मैंने आईपीएल और जब भी कर्नाटक की तरफ से खेला तब विकेट के पीछे भी जिम्मेदारी संभाली। ’’
राहुल ने कहा, ‘‘मैं हमेशा विकेटकीपिंग के संपर्क में रहता हूं लेकिन मैं ऐसा इंसान भी हूं जो टीम की जरूरत के हिसाब से किसी भी तरह की भूमिका निभाने के लिये तैयार रहता हूं। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 27, 2020 03:53 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

