एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | ‘दिल्ली को चिकित्सा केन्द्र बनाने में दें साथ': मुख्यमंत्री की चिकित्सकों से अपील

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी को चिकित्सा केंद्र बनाने के लिए चिकित्सकों से सहयोग की अपील की।

देश की खबरें | ‘दिल्ली को चिकित्सा केन्द्र बनाने में दें साथ': मुख्यमंत्री की चिकित्सकों से अपील

नयी दिल्ली, एक जुलाई दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी को चिकित्सा केंद्र बनाने के लिए चिकित्सकों से सहयोग की अपील की।

गुप्ता ने दिल्ली सचिवालय में चिकित्सकों से बातचीत की।

उन्होंने कहा, “दिल्ली में चिकित्सा सुविधाएं बेदम हैं। मैं चिकित्सकों से अपील करती हूं कि वे दिल्ली सरकार का सहयोग करें ताकि हम मिलकर दिल्ली को चिकित्सा केन्द्र में बदल सकें, जहां न केवल दिल्ली के निवासियों को, बल्कि बाहर से आने वाले लोगों को भी बेहतर इलाज मिल सके। हमारे पास कुशल चिकित्सक मौजूद हैं।”

इससे पहले मुख्यमंत्री ने मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

गुप्ता ने कहा, “इस वर्ष की थीम है, ‘मुखौटे के पीछे: कौन करता है उपचार करने वालों का उपचार?’ यह विषय अत्यंत प्रासंगिक है।”

उन्होंने जोर देकर कहा कि चिकित्सकों को एक उपयुक्त कार्य वातावरण की आवश्यकता होती है, जिसमें तकनीकी सहायक, नर्स और पैरामेडिकल कर्मचारी का सहयोग जरूरी है।

उन्होंने कहा, “इसके बिना चिकित्सक प्रभावी ढंग से काम नहीं कर सकते। दिल्ली के अस्पतालों पर हर दिन ओपीडी, आईसीयू में क्षमता से अधिक मरीजों के इलाज का दबाव होता है।”

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने इस मांग के अनुरूप पर्याप्त ढांचा विकसित नहीं किया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार चिकित्सा अवसंरचना को मजबूत करने और तकनीकी सहायता, चिकित्सा उपकरण, स्थायी नियुक्तियां, आवश्यक मशीनें और दवाइयां उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

गुप्ता ने कहा, “यह दिल्ली की आवश्यकता है और समय की मांग भी। इस संबंध में हम तेजी से काम कर रहे हैं, लेकिन इसमें समय लगेगा।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 01, 2025 06:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).