एजेंसी न्यूज

माही भाई और सलमान में से किसी एक को चुनने का मतलब ‘मम्मी और पापा’ में चुनना: जाधव

भारतीय खिलाड़ी केदार जाधव के लिये महान क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी और बालीवुड सुपरस्टार सलमान खान में किसी एक को चुनना मतलब ‘मां और पापा’ में से चुनने जैसा है. इस आल राउंडर ने हालांकि स्पष्ट किया कि पूर्व कप्तान से मिले सहयोग की वजह से वह भारत के लिये इतने मैच खेल सके.

माही भाई और सलमान में से किसी एक को चुनने का मतलब ‘मम्मी और पापा’ में चुनना: जाधव
केदार जाधव (Photo Credits: PTI)

चेन्नई: भारतीय खिलाड़ी केदार जाधव के लिये महान क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी और बालीवुड सुपरस्टार सलमान खान में किसी एक को चुनना मतलब ‘मां और पापा’ में से चुनने जैसा है. इस आल राउंडर ने हालांकि स्पष्ट किया कि पूर्व कप्तान से मिले सहयोग की वजह से वह भारत के लिये इतने मैच खेल सके. केदार ने चेन्नई सुपरकिंग्स की इंस्टाग्राम लाइव चैट के दौरान गुरूवार को कहा, ‘‘हर किसी उभरते हुए क्रिकेटर की तरह सचिन तेंदुलकर मेरे आदर्श थे. मुझे पछतावा है कि मैं उनकी तरह नहीं खेल सका. लेकिन जब पसंदीदा क्रिकेटर की बात आती है तो वह धोनी ही हैं.’’

उन्होंने कहा, ‘‘जब मैं माही भाई से मिला था तो मुझे लगा कि वह भारतीय टीम के कप्तान हैं और वह काफी सख्त होंगे. लेकिन उनसे मिलने के बाद मुझे पसंदीदा क्रिकेटर के लिये उनके अलावा कोई और नहीं दिखता.’’ केदार ने भारत के लिये 2014 में अपना वनडे पदार्पण किया था, तब से उन्होंने दो शतक और छह अर्धशतकों से 1389 रन जुटाये हैं. उन्होंने कहा, ‘‘मैंने भले ही आठ या 10 वनडे खेले हों लेकिन माही भाई ने मेरा पूरा समर्थन किया. जब भी मैं उन्हें देखता, मेरा आत्मविश्वास बढ़ जाता और अगर यह कप्तान को देखकर हो तो इससे काफी मदद मिलती है.’’

यह भी पढ़ें- India vs England, ICC CWC 2019: हार्दिक पांड्या और केदार जाधव के ब्रोमांस को आप मिस नहीं कर सकते, देखें वीडियो

वह सलमान के काफी मुरीद हैं, जब उनसे धोनी और इस स्टार अभिनेता के बीच एक को चुनने को कहा गया तो उन्होंने कहा, ‘‘ एमएस धोनी की वजह से मुझे इतने सारे मैच खेलने को मिले और उनकी वजह से ही मैं सलमान खान से मिला. इसलिये मैं इन दोनों के बीच किसी को नहीं चुन सकता. यह ऐसा ही जैसे अपनी मम्मी और पापा में से एक को चुनना.’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 16, 2020 10:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).