देश की खबरें | जनजाति क्षेत्र में रिक्त पदों को भरने के लिए समयबद्ध प्रभावी कार्रवाई हो: राज्यपाल मिश्र
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राज्यपाल कलराज मिश्र ने अधिकारियों को जनजाति क्षेत्रों में विभिन्न संवर्गों (कैडर) के रिक्त पदों को भरने के लिए समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जयपुर, 24 फरवरी राज्यपाल कलराज मिश्र ने अधिकारियों को जनजाति क्षेत्रों में विभिन्न संवर्गों (कैडर) के रिक्त पदों को भरने के लिए समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
राज्यपाल ने कहा कि सभी स्तरों पर यह सुनिश्चित किया जाए कि अनुसूचित क्षेत्र के लोगों को उनके लिए चलाई जा रही योजनाओं का समुचित और समय पर लाभ मिले।
मिश्र शनिवार को राजभवन में जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग से संबंधित विकास योजनाओं की विशेष समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।
बैठक में उन्होंने जनजाति क्षेत्र में युवाओं को स्वरोजगार से जोड़े जाने, उनके कौशल प्रशिक्षण, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, विद्युत तथा पेयजल सेवाओं की उपलब्धता के लिए अधिकारियों को गंभीर होकर कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को गरीबी और अभावों से मुक्त कर समाज की मुख्यधारा में जोड़ने के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
राजभवन के बयान के अनुसार, बैठक में राज्यपाल ने अनुसूचित क्षेत्र में विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के बकाया मामलों को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि इस संबंध में लापरवाही को भविष्य में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि जनजाति क्षेत्रों के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का सही रूप में और शत-प्रतिशत लाभ मिले।
राज्यपाल ने जनजाति क्षेत्र विकास विभाग एवं जनजाति उपयोजना मद में बजट आवंटन और व्यय की गई राशि के संबंध में विशेष रूप से समीक्षा की तथा कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में लोगों के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षिक स्तर को ऊंचा उठाने से संबंधित सभी योजनाओं की अधिकारी प्रभावी निगरानी करें।
उन्होंने जनजाति क्षेत्र के आवासीय विद्यालयों, खेल छात्रावास, विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मियों के रिक्त पदों के बारे में भी जानकारी ली तथा कहा कि इन्हें भरने के लिए कागजी कार्रवाई नहीं, परिणाम मूलक ठोस प्रयास हों।
उन्होंने कहा कि जनजाति क्षेत्र में शिक्षा का प्रसार ही वह माध्यम है जिससे वहां विकास को व्यावहारिक रूप में क्रियान्वित किया जा सकता है।
अनुसूचित क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल उपलब्धता की प्रगति की राज्यपाल ने बैठक में विशेष समीक्षा की।
उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि हर ग्रामीण परिवार को नल से पानी का कनेक्शन मिले।
जनजाति क्षेत्र विकास विभाग मंत्री बाबू लाल खराड़ी ने कहा कि जनजातीय क्षेत्र के युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं में चयन के लिए विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था हो ताकि इन क्षेत्रों से भी भारतीय प्रशासनिक और पुलिस तथा अन्य सेवाओं के अधिकारी चयनित होकर आएं।
बैठक में जनजातीय और ग्रामीण विकास विभागीय स्तर पर जनजाति क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों के बारे में अधिकारियों से विशेष जानकारी दी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 24, 2024 07:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

