देश की खबरें | महाराष्ट्र के चंद्रपुर में सीवेज टैंक की सफाई के दौरान दम घुटने से तीन श्रमिकों की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में एक भूमिगत सीवेज टैंक की सफाई के दौरान वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के तीन संविदा कर्मियों की दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
चंद्रपुर, 23 मार्च महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में एक भूमिगत सीवेज टैंक की सफाई के दौरान वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के तीन संविदा कर्मियों की दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
राजुरा थाने के निरीक्षक चंद्रशेखर बहादुर ने बताया कि बल्लारपुर क्षेत्र के शस्ती-धोपाटला कस्बे में मंगलवार को हुई इस घटना में दो अन्य लोग बेहोश हो गए।
उन्होंने कहा कि सुबह करीब नौ बजे चार कर्मचारी 10 फुट गहरे टैंक को साफ करने के लिए उसमें घुसे। लेकिन, जब वे काफी देर तक बाहर नहीं आए, तो कुछ अन्य श्रमिकों ने स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि टैंक को ढकने वाले स्लैब को हटाने के लिए जेसीबी मशीन का इस्तेमाल किया गया। बाद में रामपुर ग्राम पंचायत का एक सफाईकर्मी भी टैंक में उतर गया, लेकिन वह भी कुछ देर बाद बेहोश हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे और चार अन्य श्रमिकों को बाहर निकाला और अस्पताल भेजा।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दो मजदूरों राजू जंजारला और सुभाष खंडालकर को मृत घोषित कर दिया गया।
अधिकारी ने कहा कि एक अन्य श्रमिक सुशील कोर्डे को गंभीर हालत में नागपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि सफाईकर्मी शंकर अंदगुला और एक अन्य कर्मचारी प्रमोद वावितकर का इलाज चंद्रपुर में चल रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 23, 2022 11:42 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

