देश की खबरें | बालासोर ट्रेन दुर्घटना मामले में तीन रेल कर्मियों को गिरफ्तार किया गया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दो जून को ओडिशा के बालासोर में हुई ट्रेन दुर्घटना के सिलसिले में शुक्रवार को तीन रेलकर्मियों को गिरफ्तार किया। इस मामले में यह पहली गिरफ्तारी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली/भुवनेश्वर, सात जुलाई केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दो जून को ओडिशा के बालासोर में हुई ट्रेन दुर्घटना के सिलसिले में शुक्रवार को तीन रेलकर्मियों को गिरफ्तार किया। इस मामले में यह पहली गिरफ्तारी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी ने वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (सिग्नल) अरुण कुमार महंत, अनुभाग अभियंता मोहम्मद आमिर खान और तकनीशियन पप्पू कुमार को गिरफ्तार किया है। उनके मुताबिक, ये सभी बालासोर में तैनात थे।
तीनों पर हादसे के बाद सबूत छिपाने का भी आरोप लगाया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि तीनों को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 304 (गैर इरादतन हत्या) और धारा 201 (साक्ष्य नष्ट करना) के तहत गिरफ्तार किया गया है।
बाद में आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच भुवनेश्वर में विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया गया। सीबीआई सूत्रों ने बताया कि उसने आरोपियों की सात दिन की हिरासत मांगी थी लेकिन अदालत ने उन्हें आगे पूछताछ के लिए पांच दिन की एजेंसी की हिरासत में भेजा है।
बालासोर ट्रेन दुर्घटना में 293 यात्रियों की मौत हुई थी। इस दुर्घटना में तीन ट्रेन- शालीमार-चेन्नई कोरोमंडल एक्सप्रेस, बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी शामिल थीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)