देश की खबरें | पटना में अदालत ले जाते समय तीन कैदी फरार

पटना, 15 जून पटना में बृहस्पतिवार को अदालत में पेशी के लिए ले जाए जा रहे तीन विचाराधीन कैदी पुलिसकर्मियों की आंखों में बाम फेंक कर हिरासत से फरार हो गए।

नगर पुलिस उपाधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि एनडीपीएस एवं शस्त्र अधिनियम के तहत फुलवारीशरीफ जेल में बंद तीनों कैदियों को एक वैन से पेशी के लिए अदालत ले जाया जा रहा था।

उन्होंने कहा कि वैन में कुल पांच पुलिसकर्मी बैठे थे, दो लोगों के बीच हुई झड़प के कारण हुए यातायात जाम को हटाने के लिए उनमें से दो नीचे उतरे थे।

अशोक ने बताया कि तीनों कैदियों ने शेष तीन पुलिसकर्मियों पर दर्द निवारक बाम फेंका, जो उनकी आंखों में चला गया ।

उन्होंने कहा, "पुलिसकर्मी में से एक ने भाग रहे कैदियों का विरोध करने की कोशिश की और इस प्रक्रिया में उसका हाथ टूट गया।"

पुलिस उपाधीक्षक ने कहा, "हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि विचाराधीन कैदियों के पास बाम कैसे आया और दोनों पुलिसकर्मी वाहन से नीचे क्यों उतरे, जो उन्हें नहीं करना चाहिए था।"

उन्होंने कहा कि तीनों फरार नीरज चौधरी, सोनू शर्मा और सोनू कुमार की तलाश की जा रही है, सभी पटना के निवासी हैं और उनकी उम्र 20 के आसपास है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)