देश की खबरें | महिला चिकित्सक से दुष्कर्म व हत्या मामले में सीबीआई जांच की मांग को लेकर अदालत में तीन याचिकाएं दायर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक महिला डॉक्टर के कथित बलात्कार और हत्या की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने संबंधी कम से कम तीन जनहित याचिकाओं पर मंगलवार को कलकत्ता उच्च न्यायालय में सुनवाई होगी।
कोलकाता, 12 अगस्त कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक महिला डॉक्टर के कथित बलात्कार और हत्या की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने संबंधी कम से कम तीन जनहित याचिकाओं पर मंगलवार को कलकत्ता उच्च न्यायालय में सुनवाई होगी।
उत्तर कोलकाता स्थित अस्पताल के सेमिनार हॉल से शुक्रवार को महिला चिकित्सक का शव मिला था। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलता है कि हत्या किए जाने से पहले उसका यौन उत्पीड़न किया गया था।
मुख्य न्यायाधीश टी.एस. शिवज्ञानम की अध्यक्षता वाली खंडपीठ के समक्ष सोमवार को कम से कम तीन जनहित याचिकाएं दायर की गईं, जिनमें आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में महिला डॉक्टर के कथित बलात्कार और जघन्य हत्या की जांच सीबीआई को सौंपने की मांग की गई।
खंडपीठ में न्यायमूर्ति हिरण्मय भट्टाचार्य भी शामिल हैं। पीठ ने कहा कि वह जनहित याचिकाओं तथा इस मुद्दे से संबंधित अन्य याचिकाओं पर मंगलवार को सुनवाई करेगी।
मामले की जांच कर रही कोलकाता पुलिस ने महिला चिकित्सक की हत्या के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और उसके खिलाफ दुष्कर्म और हत्या का मामला दर्ज किया है।
याचिकाकर्ताओं में से एक के वकील फिरोज एडुल्जी ने अदालत के समक्ष आरोप लगाया कि घटना में लीपापोती का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने खंडपीठ के समक्ष कहा कि महिला डॉक्टर की मौत की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि पीड़िता का नाम सार्वजनिक नहीं किया जा सकता, लेकिन इस मामले में ऐसा हुआ है। उन्होंने अदालत से यह निर्देश देने का भी अनुरोध किया कि पीड़िता का नाम सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया जाए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)