एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | उत्तर प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर तीन लोग नदी में डूबे, दो के शव बरामद

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के झांसी और देवरिया जिलों की अलग घटनाओं में तीन लोग नदी में डूब गए जिनमें से दो के शव बरामद कर लिये गए हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | उत्तर प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर तीन लोग नदी में डूबे, दो के शव बरामद

झांसी/देवरिया, तीन जुलाई उत्तर प्रदेश के झांसी और देवरिया जिलों की अलग घटनाओं में तीन लोग नदी में डूब गए जिनमें से दो के शव बरामद कर लिये गए हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

देवरिया में एक युवक अपने दोस्तों को बचाने के प्रयास में गौरा नदी में डूब गया। पुलिस ने बताया कि गोरखपुर जिले के गगहा विकासखंड के पूरे गांव का निवासी अभय यादव (20) देवरिया जिले के रुद्रपुर विकासखंड के गांव सोनबरसा में अपने ननिहाल आया हुआ था।

उसने बताया कि बुधवार शाम वह अपने दोस्तों के साथ गौरा नदी में नहाने गया और इस दौरान उसके तीन दोस्त गहरे पानी में डूबने लगे।

पुलिस ने बताया कि अभय ने नदी में छलांगकर अपने तीनों दोस्तों को सकुशल बचा लिया लेकिन वह खुद डूब गया।

पुलिस के अनुसार, गोताखोरों की टीम अभय की तलाश कर रही है लेकिन अभी तक उसका कुछ पता नहीं चल पाया है।

उधर, झांसी के टोडी-फतेहपुर क्षेत्र में एक किशोर समेत दो लोगों की पथराई नदी में डूबने से मौत हो गई।

थाना प्रभारी अतुल राजपूत के मुताबिक, बुधवार शाम को नजरगंज इलाके के निवासी घासी राम पाल (45) अपने भतीजे अर्जुन (15) और राहुल (17) के साथ नदी किनारे मवेशियों को चराने गए थे।

उन्होंने बताया कि उनकी एक भैंस नदी के गहरे पानी में चली गई और जब वे मवेशी को निकालने के लिए नदी में उतर तो वे तीनों भी डूबने लगे।

थाना प्रभारी ने बताया कि चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहुल को बचा लिया गया, जबकि घासीराम और अर्जुन तेज बहाव में बह गए जिससे उनकी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से मानसून में बरसाती नदियों और नालों के पास न जाने की अपील की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 03, 2025 01:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).