एजेंसी न्यूज

Chhattisgarh Shocker: जांजगीर-चांपा जिले में शराब पीने के बाद तीन लोगों की मौत

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में कथित रूप से शराब पीने के बाद सेना के एक जवान समेत तीन युवकों की मौत हो गई. पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी.

Chhattisgarh Shocker: जांजगीर-चांपा जिले में शराब पीने के बाद तीन लोगों की मौत
प्रतिकात्मक तस्वीर (Photo Credits PIT)

जांजगीर-चांपा, 15 मई: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में कथित रूप से शराब पीने के बाद सेना के एक जवान समेत तीन युवकों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत रोगदा गांव में कथित रूप से शराब पीने के बाद तीन लोगों नंदलाल कश्यप, सतीश कश्यप और परसराम साहू की मौत हो गई. यह भी पढ़ें: Chhattisgarh Road Accident: पिकअप वाहन और ट्रक की टक्कर में पांच महिलाओं समेत छह की मौत, 21 अन्य घायल

उन्होंने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि सेना में पदस्थ जवान नंदलाल कश्यप अपने गांव रोगदा आया हुआ था और दो दिन पहले ही नंदलाल का विवाह हुआ था, ​परिवार प्रीतिभोज की तैयारी में लगा था. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नंदलाल से आज सुबह लगभग 6.30 बजे उसके ​मित्र सतीश और परसराम मिले और तीनों मित्रों ने कथित तौर पर शराब पी.

उन्होंने बताया कि इसके कुछ देर बाद तीनों बेहोश होकर गिर गए, जब इसकी जानकारी वहां मौजूद लोगों को मिली तब उन्होंने तीनों को नवागढ़ स्थित अस्पताल पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया. उन्होंने बताया कि घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया गया है, साथ ही फॉरेंसिक विशेषज्ञों को भी गांव भेजा गया है.

उन्होंने कहा कि शवों के पोस्टमार्टम के बाद मौत की वजहों के बारे में अधिक जानकारी मिल सकेगी.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवकों ने जहां से शराब खरीदी थी वहां भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस के दल ने शराब के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे हैं. उन्होंने बताया कि घटना के बाद गांव में तनाव की आशंका को देखते हुए लगभग दो सौ पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है.

राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता नारायण चंदेल ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपए सहायता राशि देने की मांग की है.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 15, 2023 02:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).