देश की खबरें | जम्मू कश्मीर के बारामूला में मुठभेड़ में तीन पाकिस्तानी आतंकवादी ढेर, पुलिसकर्मी शहीद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले में बुधवार को अचानक हुई मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद गुट के तीन पाकिस्तानी आतंकवादी मारे गए।
श्रीनगर, 25 मई जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले में बुधवार को अचानक हुई मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद गुट के तीन पाकिस्तानी आतंकवादी मारे गए।
पुलिस ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के क्रीरी इलाके के नाजीभट में हुई मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी शहीद हुआ है।
कश्मीर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विजय कुमार ने ट्वीट किया कि मुठभेड़ घाटी में पुलिस द्वारा बनाए गए नाकों में से एक पर हुई।
उन्होंने यहां पत्रकारों को बताया, ‘‘पूरे कश्मीर में आज नाके बनाए गए थे। क्रीरी इलाके के नाजीभट में ऐसे ही एक नाके के पास अचानक मुठभेड़ हुई। जैश-ए-मोहम्मद के तीन पाकिस्तानी आतंकवादी मारे गए।’’
उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी शहीद हुआ है।
कुमार ने बताया कि अपने एक साथी के शहीद होने से पुलिस विभाग दुखी है, लेकिन तीन आतंकवादियों को मार गिराना बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा, ‘‘तीनों आतंकवादी श्रीनगर आकर बड़ा हमला कर सकते थे।’’
पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि पिछले तीन-चार महीने से आतंकवादी गुलमर्ग के पहाड़ी इलाके में सक्रिय हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम लगातार उनपर नजर रख रहे हैं।’’ अधिकारी ने कहा कि इस साल अभी तक विभिन्न मुठभेड़ों में 22 पाकिस्तानी आतंकवादी मारे गए हैं।
कुमार ने कहा कि पाकिस्तानी आतंकवादियों को मार गिराने का प्रयास और तेज किया जाएगा।
शहर के शौरा इलाके में मंगलवार को हुए हमले में पुलिसकर्मी के मरने और उनकी बेटी के घायल होने के संबंध में किए गए सवाल पर अधिकारी ने कहा कि इस सिलसिले में लश्कर-ए-तैयबा के दो स्थानीय आतंकवादियों की पहचान की गई है।
उन्होंने बताया, ‘‘गांदेरबल निवासी आदिल, जो कि लश्कर का स्थानीय कमांडर है और एक नया आतंकवादी इस हमले के पीछे हैं। हम उन्हें जल्दी ही मार गिराएंगे।’’
उन्होंने बताया कि हमले में घायल हुई पुलिसकर्मी की बेटी का इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बतायी जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 25, 2022 03:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

