राजस्थान में कोविड-19 से तीन और की मौत, 54 नये मामले सामने आए
राज्य के अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) रोहित कुमार सिंह ने बताया कि जयपुर में दो और जोधपुर में एक संक्रमित की मौत हुई है।
जयपुर, दो मई राजस्थान में कोविड-19 से तीन और मौतें शनिवार को दर्ज की गयी जिससे राज्य में इस घातक वायरस से मरने वालों की संख्या 65 हो गयी है। इस बीच, कोरोना वायरस से संक्रमण के 54 नये मामले आने से राज्य में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,720 हो गयी है।
राज्य के अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) रोहित कुमार सिंह ने बताया कि जयपुर में दो और जोधपुर में एक संक्रमित की मौत हुई है।
उन्होंने बताया कि जयपुर के चांदपोल निवासी 15 साल के एक किशोर को शुक्रवार को यहां जेके लोन अस्पताल में भर्ती करवाया गया था जिसका कल ही निधन हो गया। जयपुर में 55 साल तथा जोधपुर में 67 साल के एक व्यक्ति की मौत दर्ज की गयी है।
राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से जुड़ी मौतों की संख्या बढ़कर 65 हो गयी है। अकेले जयपुर में 36 लोगों की मौत हुई है। अधिकारियों का कहना है कि ज्यादातर मामलों में रोगी किसी न किसी अन्य गंभीर बीमारी से भी पीड़ित थे।
वहीं राज्य में शनिवार दोपहर दो बजे तक कोरोना वायरस संक्रमण के 54 नये मामले सामने आए जिनमें जयपुर में 17, जोधपुर में 30, अजमेर में तीन, अलवर में दो व चितौड़गढ़ तथा कोटा में एक-एक नया मामला शामिल है।
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों में दो इतालवी नागरिकों के साथ साथ 61 वे लोग भी शामिल हैं जिन्हें ईरान से लाकर जोधपुर व जैसलमेर में सेना के आरोग्य केंद्रों में ठहराया गया है।
राज्यभर में 22 मार्च से लॉकडाउन है और अनेक थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा हुआ है।
पृथ्वी कुंज
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 02, 2020 03:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

