देश की खबरें | प्रेम प्रसंग को लेकर लड़के के रिश्तेदारों पर गोली चलाने के आरोप में लड़की के तीन भाई गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 14 मई बाहरी दिल्ली के पश्चिम विहार पश्चिम इलाके में तीन भाइयों को एक लड़के के रिश्तेदारों पर कथित तौर पर गोली चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि लड़के का आरोपियों की बहन के साथ प्रेम संबंध था।

उन्होंने बताया कि मंगलवार को ज्वालापुरी इलाके में हुई गोलीबारी की घटना के सिलसिले में चिंटू (20), करण (18) और नितिन (18) को गिरफ्तार किया गया है। गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ।

एक पुलिस सूत्र ने बताया कि मामले में शामिल दोनों परिवार पड़ोसी हैं।

उन्होंने कहा, "उनके बच्चे प्रेम संबंध में थे और लड़की के परिवार को यह मंजूर नहीं था।"

उन्होंने बताया कि मंगलवार को इलाके में गोलीबारी की कई कॉल आईं। पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और एक कारतूस व एक खाली खोल बरामद किया।

पुलिस उपायुक्त (बाहरी) सचिन शर्मा ने कहा, "आरोप है कि कुछ लोग गोलीबारी करने के इरादे से वहां पहुंचे थे। आरोपियों में से एक चिंटू ने कथित तौर पर एक गोली चलाई, तथा अन्य ने भी यही किया।"

उनके कब्जे से एक देशी पिस्तौल और एक चाकू बरामद किया गया, जिनका अपराध में इस्तेमाल किया गया था।

उन्होंने बताया कि आरोपियों को दुर्बल नाथ मार्ग से पकड़ लिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)