देश की खबरें | बहराइच के अधिवक्ता की हत्या के मामले में पत्नी समेत तीन गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पुलिस का दावा है कि अधिवक्ता की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करा दी।
पुलिस का दावा है कि अधिवक्ता की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करा दी।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि रविवार की सुबह मृतक की पत्नी नुसरत जहां ने हत्या की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था कि अधिवक्ता इंतजार उल हक (40) रात को उनके साथ सोए थे, और सुबह उनका धारदार हथियार से गला कटा व सिर में चोट लगा शव बगल के बेड पर ही मिला।
उन्होंने बताया कि नुसरत ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कराया था।
सिंह ने बताया कि पुलिस ने टीमें बनाकर सर्विलांस की मदद से जांच शुरू की और विवेचना में जानकारी मिली कि नुसरत जहां उर्फ गुलशुम (30) के अपने पति से संबंध अच्छे नहीं थे और इस बीच उसकी दोस्ती पास की मस्जिद के सेवादार नदीम अहमद (23) से हो गई थी।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ से मालूम हुआ कि आरोपी नदीम नुसरत के घर बच्चों को अरबी-फारसी पढ़ाने आता था। उन्होंने बताया कि इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम इस कदर बढ़ा कि उसने नदीम के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और नदीम ने अपने दोस्त दाऊद के साथ मिलकर अधिवक्ता की हत्या कर दी।
उन्होंने बताया कि हत्या में शामिल दाऊद (20) मस्जिद का इमाम है। पुलिस ने बताया कि मृतक की पत्नी सहित तीनों कथित हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि घटना का त्वरित खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक केशव कुमार चौधरी ने 25 हजार रुपये इनाम की घोषणा की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 17, 2022 07:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

