दलित युवक की हत्या के मामले में तीन गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, "युवक की हत्या प्रेम प्रसंग के कारण की गयी। हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है।
फतेहपुर (उप्र), 18 मई फतेहपुर जिले के मलवां थाना क्षेत्र के चक्की गांव में रविवार को एक दलित युवक की गर्दन काटकर हत्या के मामले में पुलिस ने सोमवार को तीन युवकों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, "युवक की हत्या प्रेम प्रसंग के कारण की गयी। हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है।
मलवां थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) शेर सिंह राजपूत ने बताया कि "रविवार दोपहर चक्की गांव में दलित युवक प्रदीप पासवान (22) की गर्दन काटकर हत्या के मामले में सोमवार दोपहर बाद गांव के ही रहने वाले रजोल लोधी, विक्रम और संजय पासवान को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनकी निशानदेही में हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि रजोल को अपनी पत्नी और प्रदीप के बीच अवैध संबंध होने का शक था। उसने अपनी पत्नी को तीन माह पूर्व उसके मायके भेज दिया था और प्रदीप की हत्या के फिराक में रहने लगा था। इस बीच, जुआ खेलने को लेकर विक्रम और संजय पासवान का प्रदीप से कुछ दिन पहले झगड़ा हुआ था, जिसका बदला लेने के लिए विक्रम और संजय भी उसके सहयोगी बन गए।
एसएचओ ने बताया, "रविवार को दोपहर प्रदीप रोज की तरह अकेले अपने खेत पहुंचा था। यह मौका देखकर विक्रम ने रजोल को सूचित किया। जिसके बाद रजोल कुल्हाड़ी लेकर अपने साथी संजय के साथ वहां पहुंचा, जहां विक्रम व संजय ने प्रदीप को पकड़ कर जमीन में गिरा दिया और रजोल ने उस पर तीन वार किए, जिससे उसकी गर्दन कट गयी और उसकी मौत हो गयी। प्रदीप की तीन उंगलियां भी काट दी गई।’’
राजपूत ने बताया कि "हत्या के बाद घटनास्थल पर पहुंचने पर पुलिस को पता चला कि यहां कुछ युवक जुआ भी खेला रहे हैं और जुए को लेकर प्रदीप से विक्रम व संजय का विवाद भी हुआ था। पुलिस ने विक्रम को पकड़ा और सख्ती से पूछने पर उसने सब कुछ बता दिया।’’
उन्होंने बताया कि "विक्रम की स्वीकारोक्ति के बाद रजोल और संजय की गिरफ्तारी की गई। तीनों को जेल भेज दिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 18, 2020 11:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

