देश की खबरें | केरल में ट्रेन पर पथराव करने के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने केरल के मलप्पुरम और कन्नूर जिलों में ट्रेन पर पथराव करने की दो अलग-अलग घटनाओं के सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
कन्नूर, 25 अगस्त रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने केरल के मलप्पुरम और कन्नूर जिलों में ट्रेन पर पथराव करने की दो अलग-अलग घटनाओं के सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
आरपीएफ की टीम ने 16 अगस्त को मलप्पुरम जिले के तनूर-तिरूर क्षेत्र से गुजरने के दौरान वंदे भारत ट्रेन पर पत्थर फेंकने के आरोप में माहे निवासी एम.पी. सईदीस को बुधवार को हिरासत में लिया था।
इस बीच, एक अन्य घटना में ट्रेन में स्थानीय उत्पाद बेचने वाले दो फेरीवालों को एक विवाद के दौरान एक-दूसरे पर पत्थर फेंकने के आरोप में बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया। दोनों की ओर से फेंके गए पत्थर थालास्सेरी स्टेशन पर एर्नाड एक्सप्रेस से टकराए थे।
रेलवे के एक अधिकारी ने कहा कि आरपीएफ ने 16 अगस्त की पथराव की घटना के आरोपियों को पकड़ने के लिए जांच के तहत वंदे भारत एक्सप्रेस की 15 सीसीटीवी फुटेज और माहे रेलवे स्टेशन के कई अन्य कैमरों की पड़ताल की।
अधिकारी ने कहा कि आरपीएफ ने कई फोन कॉल की भी पड़ताल की और आरोपियों की पहचान की।
उन्होंने कहा कि सईदीस को बृहस्पतिवार को थालास्सेरी की एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे सात सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
दूसरी घटना में दो फेरीवालों, सादिक अली (30) और मोइथु (53) को बृहस्पतिवार को वडकारा से गिरफ्तार किया गया। दोनों को बाद में जमानत मिल गई।
हाल के दिनों में केरल से ट्रेन पर पथराव की कई घटनाएं सामने आई हैं। गौरतलब है कि 21 अगस्त को ऐसे ही हमलों में वंदे भारत एक्सप्रेस और एक राजधानी एक्सप्रेस की खिड़की के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए थे।
ट्रेन पर पथराव की ऐसी ही घटनाएं 13 अगस्त को सामने आई थीं, जब कन्नूर जिले में बदमाशों ने मंगलुरु-चेन्नई सुपरफास्ट एक्सप्रेस और नेत्रावती एक्सप्रेस पर पथराव किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)