देश की खबरें | पेटीएम पर लेन-देन की मदद से लूट के तीन आरोपी गिरफ्तार;6 करोड़ रु कीमत के गहने बरामद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में दो लोगों से कथित रूप से गहने लूटने के तीन आरोपियों को पुलिस ने पेटीएम पर किए गए लेन-देन की मदद से राजस्थान से गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को इस आशय की जानकारी दी।
नयी दिल्ली, दो सितंबर दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में दो लोगों से कथित रूप से गहने लूटने के तीन आरोपियों को पुलिस ने पेटीएम पर किए गए लेन-देन की मदद से राजस्थान से गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को इस आशय की जानकारी दी।
आरोप है कि इन लोगों ने पीड़ितों की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर उनसे छह करोड़ रुपये कीमत के गहने लूट लिए थे।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की पहचान नजफगढ़ निवासी नागेश कुमार (28), शिवम (23) और मनीष कुमार (22) के रूप में हुई है।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में दो लोगों... एक पुलिस की वर्दी में है... को सड़क पर टहलते हुए देखा जा सकता है। कुछ देर बाद दोनों दो व्यक्तियों को रोकते हैं। इसी बीच और दो लोग उनसे आ मिलते हैं। वे पीड़ित की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक कर पार्सल लेकर फरार हो जाते हैं।
पुलिस को घटना की जानकारी बुधवार को मिली।
पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता सोमवीर ने बताया कि वह चंडीगढ़ की एक कंपनी में पार्सल डिलिवर करने का काम करता है।
बुधवार शाम करीब सवा चार बजे उसने अपने सहकर्मी जगदीप सैनी के साथ पहाड़गंज स्थित कार्यालय से पार्सल लिया और डीबीजी रोड जा रहा था।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी बताया कि मिलेनियम रोड के पास उन्होंने दो लोगों को खड़ा देखा, जिनमें से एक ने पुलिस की वर्दी पहनी हुई थी, और उसने उनसे अपने बैग की जांच कराने को कहा ।
पुलिस ने बताया कि इस बीच और दो लोग आए और उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया और धमकी दी कि बैग उनके हवाले कर दें वरना उनकी हत्या कर देंगे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने उनसे गहने का पार्सल लूट लिया और फरार हो गए।
अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पिछले सात दिनों में पुलिस ने 700 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटायी। उन्होंने बताया कि मौके पर चार लोगों की गतिविधियां संदिग्ध नजर आयीं।
मध्य दिल्ली की पुलिस उपायुक्त श्वेता चौहान ने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपियों ने रास्ते में चाय पीने के लिए नकदी के बदले टैक्सी चालक को 100 रुपये पेटीएम किया था।
उन्होंने कहा कि लेन-देन का विश्लेषण करने पर पता चला कि आरोपी नजफगढ़ के रहने वाले हैं और वे राजस्थान चले गए थे।
डीसीपी ने बताया कि आरोपियों के पास से कुल 6,270 किलोग्राम सोना, तीन किलोग्राम चांदी, आईआईएफएल में जमा 500 ग्राम सोना और 106 बिना तराशे हुए हीरे और हीरे के अन्य गहनों सहित कुल 5.5-6 करोड़ रुपये कीमत के गहने बरामद कर लिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि अन्य आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 02, 2022 08:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

