एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | दिल्ली के तीन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी अफवाह निकली

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दो स्कूल और एक ‘नेवी चिल्ड्रन स्कूल’ को सोमवार सुबह मिली बम से उड़ाने की धमकी को गहन जांच के बाद अधिकारियों ने ‘‘अफवाह’’ घोषित कर दिया।

देश की खबरें | दिल्ली के तीन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी अफवाह निकली

नयी दिल्ली, 14 जुलाई राष्ट्रीय राजधानी में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दो स्कूल और एक ‘नेवी चिल्ड्रन स्कूल’ को सोमवार सुबह मिली बम से उड़ाने की धमकी को गहन जांच के बाद अधिकारियों ने ‘‘अफवाह’’ घोषित कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि सोमवार सुबह प्रशांत विहार और द्वारका सेक्टर-16 स्थित केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) विद्यालयों और चाणक्यपुरी स्थित ‘नेवी चिल्ड्रन स्कूल’ को धमकी भरे ईमेल मिले।

बाद में अधिकारियों ने स्कूल परिसर की गहन जांच की, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिलने के उपरांत धमकी को अफवाह घोषित कर दिया।

दिल्ली अग्निशमन सेवा ने बताया कि दोनों स्कूलों में दमकल की एक-एक गाड़ी भेजी गईं।

अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘विभाग सहित कई एजेंसियों द्वारा गहन जांच के बाद इसे (धमकी) अफवाह घोषित कर दिया गया।’’

पुलिस उपायुक्त (द्वारका) अंकित सिंह ने कहा, ‘‘सोमवार सुबह द्वारका उत्तर थाने को सूचना मिली जिसमें सीआरपीएफ स्कूल में बम की धमकी की सूचना दी गई। तुरंत तलाशी ली गई। स्थानीय पुलिस, श्वान दस्ते और बम निरोधक दस्ते स्कूल पहुंचे और गहन जांच की।’’

उन्होंने बताया कि साइबर पुलिस विशेषज्ञ ईमेल के स्रोत का पता लगा रहे हैं।

पुलिस उपायुक्त ने कहा, ‘‘स्कूल में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।’’

पुलिस उपायुक्त (रोहिणी) राजीव रंजन ने कहा, ‘‘हमें सुबह करीब आठ बजे स्कूल से सूचना मिली। प्रशांत विहार स्थित सीआरपीएफ स्कूल परिसर में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिलने के बाद इसे अफवाह घोषित कर दिया गया।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 14, 2025 03:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).