देश की खबरें | जम्मू में राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का स्वागत करने के लिए हजारों लोग उमड़े
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. (तस्वीरों सहित)
(तस्वीरों सहित)
जम्मू, 23 जनवरी वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के सोमवार दोपहर को कड़ी सुरक्षा के बीच सांबा जिले से जम्मू में प्रवेश करने पर जोरदार स्वागत किया गया।
यह पदयात्रा सोमवार सुबह करीब सात बजे जम्मू-पठानकोट राजमार्ग पर सांबा के विजयपुर से शुरू हुई थी और जम्मू के परमंडल में बड़ी ब्राह्मणा पार करने के बाद खासी संख्या में लोगों ने इसका स्वागत किया।
इससे पहले, अधिकारियों ने बताया कि सात सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई इस यात्रा के लिए सभी आवश्यक बंदोबस्त किए गए हैं और यह 30 जनवरी को श्रीनगर में संपन्न होगी। राहुल उस दिन एक विशाल रैली में अपनी पार्टी के मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
‘नफरत छोड़ो, भारत जोड़ो’ के नारों के बीच यात्रा में कालूचक में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने राहुल गांधी के आसपास सुरक्षा घेरा बनाया। गांधी सतवारी चौक पर एक जनसभा को संबोधित करेंगे और फिर रात्रि विश्राम के लिए सिधरा जाएंगे।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल, अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के संचार प्रभारी जयराम रमेश, कांग्रेस की जम्मू कश्मीर इकाई के प्रमुख विकार रसूल वानी, उनके पूर्ववर्ती जी ए मीर, कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला और पूर्व मंत्री तारिक हामिद कर्रा ने राहुल के साथ पदयात्रा की। उनके साथ बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने तिरंगा लेकर पदयात्रा की।
कुंजवानी में यात्रा का स्वागत करने के लिए हजारों लोग एकत्रित थे। वहां पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के महासचिव (केंद्रीय) एस अमरीत सिंह रीन की अगुवाई में पार्टी का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल पदयात्रा में शामिल होने के लिए इंतजार करते दिखा।
पीडीपी नेता और पूर्व विधायक फिरदौस अहमद टक ने कहा, ‘‘हम गांधी का समर्थन करने आए हैं जो देश में एकता मजबूत करने तथा नफरत खत्म करने के संदेश के साथ आगे बढ़ रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि इस देश की खूबसूरती ‘‘विविधता में एकता’’ है और देश के सामाजिक ताने-बाने पर सत्तारूढ़ गठबंधन द्वारा बड़े पैमाने पर हमला करने के मद्देनजर ऐसी पहल वक्त की जरूरत बन गयी है।
उन्होंने कहा, ‘‘गांधी देशभर में प्रभावशाली तरीके से अपना संदेश पहुंचाने में कामयाब रहे हैं और जो लोग यात्रा में भाग नहीं ले पाए हैं, वह भी उनके संदेश की सराहना कर रहे हैं।’’
कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष ने यात्रा के जबरदस्त समर्थन के लिए लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा, ‘‘न केवल कांग्रेसी नेता बल्कि आम आदमी भी यात्रा में शामिल हो रहा है और देश में मौजूद विभाजनकारी राजनीति को लेकर गांधी द्वारा जतायी चिंता साझा कर रहा है।’’
उन्होंने कहा कि लोग राहुल से बहुत खुश हैं जो उनके मुद्दे सुन रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को कश्मीर की बेटी के तौर पर जाना जाता था और उनका पोता कश्मीर तक पदयात्रा कर रहा है...कई मुद्दे हैं और सबसे जरूरी पूर्ण राज्य का दर्जा और चुनाव कराने समेत हमारे अधिकारों को बहाल करना है।’’
इससे पहले, सांबा में सुबह कड़ाके की ठंड के बीच अपनी ट्रेडमार्क सफेद रंग की टी-शर्ट पहनकर पदयात्रा करने वाले राहुल का यात्रा के दौरान सड़क किनारे खड़े लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्साहवर्धन किया।
कुछ जगहों पर उन्हें उत्साही समर्थकों से हाथ मिलाने के लिए सड़क किनारे जाते हुए देखा गया जिससे सुरक्षाकर्मियों की चिंता बढ़ी।
यातायात पुलिस ने राजमार्ग और शहर में अन्य सड़कों पर वाहनों की सुचारू आवाजाही के लिए सोमवार और मंगलवार को विस्तृत परामर्श जारी किया है।
बीते शनिवार को जम्मू शहर के बाहरी इलाके में नरवाल क्षेत्र में दो बम विस्फोट के बाद केंद्र-शासित प्रदेश में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)