देश की खबरें | ‘जो कहते हैं कि बंगाल के अगले मुख्यमंत्री अभिषेक होंगे, वे भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं’
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तृणमूल कांग्रेस ने रविवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में पार्टी के सत्ता में आने पर ममता बनर्जी तीसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगी और जो लोग ये कह रहे हैं कि उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा, वे भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
कोलकाता, 31 जनवरी तृणमूल कांग्रेस ने रविवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में पार्टी के सत्ता में आने पर ममता बनर्जी तीसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगी और जो लोग ये कह रहे हैं कि उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा, वे भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद और प्रवक्ता सौगत रॉय ने संवाददाताओं से कहा कि पार्टी ने बार-बार स्पष्ट किया है कि वह मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में ममता बनर्जी के साथ आने वाले चुनाव लड़ेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘सभी जानते हैं कि ममता बनर्जी तीसरी बार हमारी मुख्यमंत्री बनेंगी। अमित शाह ऐसा दावा कैसे कर सकते हैं? अभिषेक को भविष्य में मुख्यमंत्री बनाने के लिए पार्टी में कोई बात नहीं हुई है। ये दावे केवल भ्रम पैदा करने के मकसद से किये जा रहे हैं।’’
शाह ने रविवार को हावड़ा में भाजपा की एक रैली को डिजिटल तरीके से संबोधित करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस का एजेंडा ममता बनर्जी के भतीजे को राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनाने का है।
तृणमूल कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए राजीब बनर्जी पर निशाना साधते हुए रॉय ने कहा कि उनके जैसे लोग निश्चित रूप से ‘विश्वासघाती’ हैं जिन्होंने सत्ता में रहते हुए हर तरह के फायदे उठाए और चुनाव से ऐन पहले पार्टी को छोड़ दिया।
राजीब बनर्जी ने हावड़ा की रैली में कहा कि दल बदलने वाले नेताओं को जितना अधिक विश्वासघाती कहा जाएगा, उतना अधिक उन्हें जनता का समर्थन मिलेगा।
तृणमूल कांग्रेस नेता और राज्य की मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि चुनाव से पहले लोगों को गुमराह करने के लिए राज्य में आने वाले लोगों को ‘बाहरी’ कहना उचित है। वह परोक्ष रूप से भाजपा अध्यक्ष शाह की ओर इशारा कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के कुछ सांसद, मध्य प्रदेश के एक ‘बेरोजगार’ नेता और गुजरात के एक नेता चुनाव से पहले जनता को गुमराह करने के लिए राज्य में आ रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)