देश की खबरें | गाय को माता कहने वालों ने उसे बेसहारा बना दिया: भूपेश बघेल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए सोमवार को कहा कि गाय को माता कहने वालों ने उसे बेसहारा बना दिया।
प्रयागराज(उप्र), 21 फरवरी छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए सोमवार को कहा कि गाय को माता कहने वालों ने उसे बेसहारा बना दिया।
बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के हर गांव में गौशाला है, लेकिन योगी आदित्यनाथ नीत उत्तर प्रदेश सरकार के पास गाय का हिसाब नहीं है और वह सिर्फ राजनीति के लिए गाय का इस्तेमाल करती है।
कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में यहां जनसभा को संबोधित करते हुए बघेल ने कहा, ‘‘जब चुनाव करीब आता है तो धर्म खतरे में पड़ जाता है। भाजपा धर्म के नाम पर ढोंग की राजनीति करती है।’’
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ उनके राज्य में दो रुपये प्रति किलोग्राम की दर से सरकार गोबर खरीद रही है। कांग्रेस उत्तर प्रदेश में अपनी सरकार बनने पर यहां (उप्र में) भी यह व्यवस्था लागू करेगी। अब उत्तर प्रदेश के किसान गोबर से मालामाल होंगे। प्रदेश के हर गांव में गौशाला बनवाएंगे, जिससे किसानों को बेसहारा जानवरों से राहत मिलेगी।’’
बघेल ने भाजपा को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि भगवा पार्टी से केंद्रीय मंत्री के बेटे किसानों की छाती पर कार चढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा किसानों का दर्द बांटने जाती हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भोजन, शिक्षा और चिकित्सा का अधिकार जनता को दिया, जबकि भाजपा ने जुमलेबाजी की और 15 लाख रुपये लोगों के बैंक खाते में भेजने का महज वादा भर किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)