देश की खबरें | जो भारत तोड़ने के लिए जिम्‍मेदार, वह भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं : उप मुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक

लखनऊ, तीन जनवरी उत्तर प्रदेश के उप मुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि ''जो भारत को तोड़ने के जिम्मेदार हैं, जिनकी नीतियों ने समाज को तोड़ा, जिन्होंने जातिवाद, परिवारवाद, सम्प्रदायवाद, क्षेत्रवाद, आतंकवाद, नक्सलवाद को बढ़ावा दिया, वे आज भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं।''

पाठक ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के राज्य मुख्यालय पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ''जिनका इतिहास भारत को तोड़ने का रहा है, जिन्होंने देश में लोकतंत्र को कमजोर करने काम किया वे भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहें है।''

यात्रा पर तंज कसते हुए पाठक ने कहा कि ''उत्तर प्रदेश में राहुल गांधी की यात्रा ने घुटने टेक दिए है। देश और उत्तर प्रदेश की जनता लगातार कांग्रेस को नकार रही है। इसलिए प्रदेश के किनारे-किनारे सांकेतिक यात्रा निकालने पर कांग्रेस मजबूर है।''

गौरतलब है कि कांग्रेस ‘भारत जोड़ो यात्रा’ मंगलवार दोपहर को उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर गई। यात्रा के लिए तिरंगे और गुब्बारे लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं का सैलाब दिल्ली के कश्मीरी गेट से सुबह रवाना हुआ था।

कांग्रेस के व्यापक जनसंपर्क अभियान वाली यह यात्रा सात सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और उसके बाद यह अपने पहले चरण में तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली से गुजर चुकी है।

यात्रा उत्तर प्रदेश में दो दिन रहेगी और उसके बाद बृहस्पतिवार शाम को यह पानीपत के रास्ते हरियाणा में प्रवेश करेगी।

पाठक ने कहा कि ''जो राहुल गांधी अमेठी की जनता को अपने साथ जोडे़ नहीं रह सके, उत्तर प्रदेश में अपने गठबंधन/सहयोगी दलों को अपने साथ जोड़े नहीं रख सके वह आज भारत जोडो यात्रा पर निकले हैं।''

उन्होंने दावा किया कि ''वास्तव में ये भारत जोडो नहीं परिवार की राजनीति को बचाने की यात्रा है।’’

उप मुख्यमंत्री ने सवाल किया कि क्या राहुल गांधी देश में कांग्रेस द्वारा थोपे गए आपातकाल के लिए जनता से माफी मांगेंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने राहुल गांधी के साक्षात्कार के माध्यम से भारत एवं भारतीयता का मनोबल गिराने का प्रयास किया गया है, जो सर्वथा निंदनीय और अक्षम्य है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने कमल हासन को दिए साक्षात्कार में अपनी मंशा साफ कर दी है कि चीन के सामने वैसे ही समर्पण कर देना चाहिए जैसे कांग्रेस के शासन काल में होता था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)