देश की खबरें | इस बार की दीपावली ऐतिहासिक होगी, अयोध्या राम मंदिर में हजारों दीप जलाये जाएंगे: प्रधानमंत्री मोदी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि इस साल की दीपावली ऐतिहासिक होगी क्योंकि 500 साल के इंतजार के बाद इस त्योहार पर अयोध्या में रामलला के जन्मस्थान पर बने मंदिर में हजारों दीप जलाये जाएंगे।
नयी दिल्ली, 29 अक्टूबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि इस साल की दीपावली ऐतिहासिक होगी क्योंकि 500 साल के इंतजार के बाद इस त्योहार पर अयोध्या में रामलला के जन्मस्थान पर बने मंदिर में हजारों दीप जलाये जाएंगे।
मोदी ने कहा ये ऐसी दीपावली होगी जब भगवान राम एक बार फिर अपने घर आए हैं और इस बार ये प्रतीक्षा 14 वर्षों के बाद नहीं, बल्कि 500 वर्षों बाद पूरी हो रही है।
प्रधानमंत्री ने यह टिप्पणी स्वास्थ्य क्षेत्र की करीब 12,850 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद अपने संबोधन में की।
इससे पहले, एक अन्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘इस साल की दीपावली बहुत खास है, बहुत विशेष है...500 वर्षों के बाद प्रभु श्री राम अयोध्या के अपने भव्य मंदिर में विराजमान हैं। और उस भव्य मंदिर में विराजमान होने के बाद ये पहली दीपावली है।’’
उन्होंने कहा कि इस दीपावली की प्रतीक्षा में कई पीढ़ियां गुजर गईं, लाखों लोगों ने बलिदान दिए और यातनाएं झेलीं।
उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी बहुत सौभाग्यशाली हैं जो ऐसी विशेष, खास, भव्य दीपावली के साक्षी बनेंगे।’’
इस साल जनवरी में अयोध्या मंदिर में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी। प्रधानमंत्री मोदी ने इस कार्यक्रम का नेतृत्व किया था। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर निर्माण से आगे बढ़कर अगले 1,000 साल के भारत की नींव रखने का आह्वान किया था।
उन्होंने कहा था कि राम के विचार, ‘मानस के साथ ही जनमानस’ में भी हों, यही राष्ट्र निर्माण की सीढ़ी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 29, 2024 03:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

