खेल की खबरें | न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों में होगा मुकाबला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. सेमीफाइनल में प्रवेश की प्रबल दावेदार न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका विश्व कप के मैच में बुधवार को आमने सामने होंगी तो यह दोनों टीमों के बल्लेबाजों के बीच का मुकाबला होगा ।
पुणे, 31 अक्टूबर सेमीफाइनल में प्रवेश की प्रबल दावेदार न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका विश्व कप के मैच में बुधवार को आमने सामने होंगी तो यह दोनों टीमों के बल्लेबाजों के बीच का मुकाबला होगा ।
मौजूदा विश्व कप के अधिकांश मुकाबले एकतरफा रहे हैं लेकिन अगर दो करीबी मुकाबले चुने जायें तो चेन्नई में दक्षिण अफ्रीका की पाकिस्तान पर एक विकेट से जीत और न्यूजीलैंड तथा आस्ट्रेलिया के बीच खेला गया रोमांचक मैच था जिसमें 388 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड टीम पांच रन पीछे रह गई ।
दोनों टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश की दावेदार हैं और अगर बल्लेबाज चल निकले तो यह रोमांचक मैच होगा ।
न्यूजीलैंड के छह मैचों में आठ अंक है । लगातार चार जीत के बाद धर्मशाला में नतीजे उसकी अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहे । ऐसे में एक पराजय से अफगानिस्तान (छह अंक) और पाकिस्तान (चार अंक) के रास्ते खुल सकते हैं ।
दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका (छह मैचों में दस अंक) के जीतने पर 12 अंक हो जायेंगे और वह भारत के साथ सेमीफाइनल में पहुंच जायेगा ।
महाराष्ट्र क्रिकेट संघ के इस मैदान पर स्पिनरों को काफी मदद मिली है और इसी के दम पर अफगानिस्तान ने श्रीलंका पर सात विकेट से जीत दर्ज की थी ।
बल्लेबाजों में यह मुकाबला अनुभव और युवा जोश का भी है। अपना आखिरी विश्व कप खेल रहे दक्षिण अफ्रीका के क्विंटोन डिकॉक तीन शतक समेत 431 रन बना चुके हैं । वहीं युवा रचिन रविंद्र ने न्यूजीलैंड के लिये 406 रन बना लिये हैं जिनके पास सचिन तेंदुलकर सा प्रवाह और राहुल द्रविड़ सरीखी दृढता है ।
उनके हवाई शॉट देखने लायक होते हैं । इसके अलावा वह अच्छे स्पिनर होने के कारण संपूर्ण पैकेज हैं । वहीं दक्षिण अफ्रीका के पास अगर पावर हिटर हेनरिच क्लासेन हैं तो न्यूजीलैंड के पास जिम्मी नीशाम हैं । डेविड मिलर दक्षिण अफ्रीका के लिये एक्स फैक्टर हैं तो डेरिल मिशेल न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी को गहराई देते हैं ।
एडेन मार्कराम की तुलना ग्लेन फिलिप्स से हो सकती है क्योंकि शानदार बल्लेबाज होने के साथ दोनों उम्दा स्पिनर भी हें । दोनों कप्तानों तेम्बा बावुमा और टॉम लाथम में भी विरोधी आक्रमण को नेस्तनाबूद करने का माद्दा है ।
गेंदबाजी में दक्षिण अफ्रीका को कैगिसो रबाडा के फिट होने की उम्मीद होगी जो पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेल सके थे । रबाडा की मौजूदगी ही विरोधी टीम को भयभीत करने के लिये काफी है । उनके होने से गेराल्ड कोत्जी और मार्को जेनसन जैसे युवाओं का आत्मविश्वास बढेगा ।
दक्षिण अफ्रीका के पास बायें हाथ के स्पिनर केशव महाराज और बायें हाथ के कलाई के स्पिनर तबरेज शम्सी हैं । पाकिस्तान के खिलाफ शम्सी प्लेयर आफ द मैच रहे थे । वैसे न्यूजीलैंड ने कुलदीप यादव को बखूबी खेला था तो चिंता की बात नहीं है ।
टीमें :
दक्षिण अफ्रीका: तेम्बा बावुमा (कप्तान), गेराल्ड कोएट्जी, क्विंटन डिकॉक, रीजी हेंड्रिक्स, मार्को जेनसन, हेनरिक क्लासेन, केशव महाराज, एडेन मार्कराम, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, एंडिले फेहलुकवायो, कागिसो रबादा, तबरेज शम्सी, रेस वान डेर डुसेन , लिजाद विलियम्स।
न्यूजीलैंड: टॉम लाथम (कप्तान), डेवोन कॉनवे, विल यंग, मार्क चैपमैन, डेरिल मिशेल, जेम्स नीशाम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, मिशेल सेंटनर, ईश सोढी, टिम साउथी, ट्रेंट बोल्ट, लॉकी फर्ग्युसन और मैट हेनरी।
मैच का समय : दोपहर दो बजे से ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 31, 2023 01:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

