जरुरी जानकारी | अंतिम घंटे की खरीदारी से शेयर बाजार में रही मामूली बढ़त, सेंसेक्स 34 अंक चढ़ा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजारों में एक दिन की गिरावट के बाद बुधवार को उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बीच हल्की तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 34 अंक की मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ। अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के नीतिगत दर पर निर्णय से पहले निवेशकों के सतर्क रुख के बीच पूंजीगत सामान बनाने वाली कंपनियों, वाहन और ऊर्जा शेयरों में अंतिम घंटे की लिवाली आने से बाजार बढ़त लेने में सफल रहा।
मुंबई, 13 दिसंबर स्थानीय शेयर बाजारों में एक दिन की गिरावट के बाद बुधवार को उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बीच हल्की तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 34 अंक की मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ। अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के नीतिगत दर पर निर्णय से पहले निवेशकों के सतर्क रुख के बीच पूंजीगत सामान बनाने वाली कंपनियों, वाहन और ऊर्जा शेयरों में अंतिम घंटे की लिवाली आने से बाजार बढ़त लेने में सफल रहा।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 33.57 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की बढ़त के साथ 69,584.60 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 450.47 अंक तक लुढ़क गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी भी 19.95 अंक यानी 0.10 प्रतिशत की हल्की बढ़त के साथ 20,926.35 अंक पर बंद हुआ।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘बाजार का ध्यान फेडरल रिजर्व की आगामी मौद्रिक नीति बैठक पर लगा हुआ है। अगले साल अमेरिकी नीतिगत दर में बड़ी गिरावट की आशंका को देखते हुए वैश्विक स्तर पर सजगता देखी जा रही है।’’
सेंसेक्स की कंपनियों में एनटीपीसी, पावर ग्रिड, महिंद्रा एंड महिंद्रा, लार्सन एंड टुब्रो, सन फार्मा, भारतीय स्टेट बैंक, टाइटन और टाटा स्टील प्रमुख रूप से लाभ में रहीं।
दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इन्फोसिस, एक्सिस बैंक, बजाज फिनसर्व, अल्ट्राटेक सीमेंट और बजाज फाइनेंस शामिल हैं।
व्यापक बाजार में बीएसई मिडकैप में 1.06 प्रतिशत की बढ़त रही, जबकि स्मॉलकैप सूचकांक 0.73 प्रतिशत चढ़ गया। क्षेत्रवार सूचकांकों में सेवा क्षेत्र 1.50 प्रतिशत और रियल्टी 1.45 प्रतिशत उछल गया जबकि सूचना प्रौद्योगिकी एवं दूरसंचार क्षेत्रों में गिरावट रही।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के खुदरा शोध प्रमुख दीपक जसानी ने कहा, ‘‘बुधवार को एशियाई बाजार मिलेजुले रहे जबकि यूरोपीय बाजारों में तेजी बनी रही। दरअसल, कारोबारियों को फेडरल रिजर्व के इस साल के अंतिम नीतिगत फैसले का इंतजार है।’’
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे जबकि जापान का निक्की बढ़त में रहा।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के प्रमुख (खुदरा शोध) सिद्धार्थ खेमका ने कहा, ‘‘फेडरल रिजर्व की बैठक के पहले घरेलू शेयर बाजारों में नरमी रही। दिन में अधिकांश समय तक निफ्टी गिरावट पर रहा लेकिन अंतिम घंटे की खरीदारी आने से यह हल्की बढ़त लेने में सफल रहा।’’
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73.04 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने खरीदारी का दौर जारी रखा है। उन्होंने बुधवार को 4,710.86 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।
सेंसेक्स दो दिनों की तेजी के बाद मंगलवार को 377.50 अंक तथा निफ्टी 90.70 अंक नुकसान में रहा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 13, 2023 06:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

