देश की खबरें | कोविड-19 मामलों में वृद्धि की आशंका के बीच निचली अदालतों में हाइब्रिड सुनवाई के लिए बुनियादी ढांचा होना चाहिए: अदालत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली उच्च न्यायालय ने मंगलवार को कहा कि कोविड-19 के मामलों में वृद्धि की आशंका है, इसलिए यहां की जिला अदालतों और अन्य अर्ध न्यायिक निकायों में हाइब्रिड (ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों तरह) सुनवाई के लिए बुनियादी ढांचा तैयार किया जाना चाहिए।
नयी दिल्ली, नौ नवंबर दिल्ली उच्च न्यायालय ने मंगलवार को कहा कि कोविड-19 के मामलों में वृद्धि की आशंका है, इसलिए यहां की जिला अदालतों और अन्य अर्ध न्यायिक निकायों में हाइब्रिड (ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों तरह) सुनवाई के लिए बुनियादी ढांचा तैयार किया जाना चाहिए।
न्यायमूर्ति विपिन सांघी और न्यायमूर्ति जसमीत सिंह की पीठ ने कहा, ''हमारी चिंता फिर से वही है। दोबारा आशंका जताई जा रही है कि मामलों की संख्या में और इजाफा हो सकता है। आशंका के बीच उचित समय तक सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए। इस पर तेजी से काम किया जाना चाहिए।''
उच्च न्यायालय वकीलों अनिल कुमार हजेले और मानश्वी झा की दो याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा था। इन याचिकाओं में कोविड-19 खतरे के मद्देनजर प्रत्यक्ष सुनवाई के दौरान जिला अदालतों में हाइब्रिड तरीके से सुनवाई करने सहित अन्य अनुरोध किये गए थे।
इससे पहले, उच्च न्यायालय ने कहा था कि वह इस बात को लेकर ''उत्सुक'' था कि कैसे लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों ने 79 करोड़ रुपये से अधिक का ''संशोधित अनुमान'' लगाया और फिर सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र के विशेषज्ञों की भागीदारी के बिना दिल्ली सरकार के वित्त विभाग को भेज दिया गया।
यह पाया गया था कि हाइब्रिड सुनवाई के लिए स्थापित किए जाने वाले बुनियादी ढांचे के वास्ते पूर्व की अनुमानित राशि करीब 220 करोड़ रुपये को कम करके 79.48 करोड़ रुपये तक लाया गया।
दिल्ली सरकार के वकील ने मंगलवार की सुनवाई के दौरान कहा कि अनुमानित राशि को मंजूरी नहीं देने के मुद्दे पर आईटी विभाग की आज या कल बैठक प्रस्तावित है। उन्होंने अदालत को आश्वासन दिया कि सरकार बैठकों की विस्तृत रिपोर्ट पेश करेगी।
अदालत ने उसके पहले के आदेशों पर अनुपालन संबंधी स्थिति रिपोर्ट दाखिल करने के लिए वक्त देने के साथ ही इस मामले को आगे सुनवाई के लिए 13 दिसंबर को सूचीबद्ध कर दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 09, 2021 08:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

