देश की खबरें | राज्यमंत्री कौशल किशोर के घर पर हुई हत्या मामले की न्यायिक जांच हो : कांग्रेस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश में जंगलराज कायम होने का आरोप लगाते हुए केन्द्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर के आवास पर हाल में हुई एक युवक की हत्या मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग की।
लखनऊ, पांच सितंबर कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश में जंगलराज कायम होने का आरोप लगाते हुए केन्द्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर के आवास पर हाल में हुई एक युवक की हत्या मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग की।
राय ने यहां प्रेस वार्ता में प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को हर मोर्चे पर नाकाम करार देते हुए आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में पूरी तरह ‘‘जंगलराज’’ कायम है।
राय ने हाल में केन्द्रीय अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री कौशल किशोर के लखनऊ स्थित आवास पर एक युवक की गोली मारकर हत्या किये जाने का जिक्र करते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाये और आरोप लगाया कि एक मंत्री के घर पर हत्या हो गयी और सरकार मंत्री के बेटे को बचाने की कोशिश कर रही है।
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि यही वजह है कि पुलिस मामले में सिर्फ ‘‘खानापूर्ति’’ कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम मांग करते हैं कि इस मामले में मंत्री के बेटे के खिलाफ साजिश रचने के आरोप में मुकदमा दर्ज हो और प्रकरण की किसी सेवारत न्यायाधीश से जांच करायी जाए।’’
गौरतलब है कि 31 अगस्त की देर रात ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के बेगरिया गांव में केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर के आवास पर विनय श्रीवास्तव नामक युवक की हत्या हुई थी। जांच में पता चला कि जिस पिस्तौल से श्रीवास्तव को गोली मारी गई वह मंत्री कौशल किशोर के बेटे विकास किशोर की थी।
पुलिस ने इस मामले में श्रीवास्तव के दोस्त अंकित वर्मा, अजय रावत और शमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि यह हत्या जुआ खेलने के विवाद को लेकर हुई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 05, 2023 02:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

