देश की खबरें | उत्तर प्रदेश में खाद की कोई कमी नहीं : कृषि मंत्री शाही
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शुक्रवार को दावा किया कि राज्य में खाद की कोई कमी नहीं है और सरकार प्रदेश के किसानों को समय से खाद और बीज की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से सक्रिय है।
लखनऊ, चार जुलाई उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शुक्रवार को दावा किया कि राज्य में खाद की कोई कमी नहीं है और सरकार प्रदेश के किसानों को समय से खाद और बीज की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से सक्रिय है।
कृषि मंत्री शाही ने शुक्रवार को एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान बताया कि जायद की फसलों की बुवाई शुरू हो चुकी है और किसानों को आवश्यकता अनुसार बीज और उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है। खरीफ सीजन में किसानों को किसी भी प्रकार की खाद की कमी न हो, इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं।
शाही ने बताया कि इस वर्ष खरीफ सीजन के लिए प्रदेश में अब तक 27 लाख मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध हो चुका है इसके अलावा 10 लाख मीट्रिक टन यूरिया की और आपूर्ति की जा रही है, जिससे कुल उपलब्धता 37 लाख मीट्रिक टन तक रहेगी।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष खरीफ में 32.84 लाख मीट्रिक टन यूरिया की खपत हुई थी, इस बार उससे अधिक खाद मौजूद है।
मंत्री ने कहा कि खाद वितरण में अनियमितता और कालाबाजारी की शिकायतों पर सरकार ने कतई न बर्दाश्त करने की नीति के तहत कड़ी कार्रवाई की है। अब तक 26 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और 580 फुटकर विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी की गयी है।
बलरामपुर जिले के उतरौला क्षेत्र में शिकायत मिलने पर जांच के बाद जिला कृषि अधिकारी बलरामपुर को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही एक अन्य अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
कृषि मंत्री ने बताया कि जुलाई माह में केंद्र सरकार की ओर से 10 लाख मीट्रिक टन यूरिया और भेजा जाएगा, जिससे सितंबर तक सभी आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य में यूरिया, डीएपी, एनपीके, एमओपी, एसएसपी सहित सभी प्रमुख उर्वरकों की भरपूर उपलब्धता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 04, 2025 09:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

