एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | कोई निर्धारित फार्मूला नहीं है लेकिन विश्व कप टीम संयोजन को लेकर स्पष्ट हैं : द्रविड़

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. सही संयोजन तैयार करना मुश्किल हो सकता है और इसके लिये कोई निर्धारित फार्मूला नहीं है लेकिन भारतीय टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने कहा कि वह और कप्तान रोहित शर्मा इस साल के आखिर में आस्ट्रेलिया में होने वाले विश्व कप के लिये टीम संयोजन को लेकर काफी हद तक स्पष्ट हैं।

खेल की खबरें | कोई निर्धारित फार्मूला नहीं है लेकिन विश्व कप टीम संयोजन को लेकर स्पष्ट हैं : द्रविड़

कोलकाता, 21 फरवरी सही संयोजन तैयार करना मुश्किल हो सकता है और इसके लिये कोई निर्धारित फार्मूला नहीं है लेकिन भारतीय टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने कहा कि वह और कप्तान रोहित शर्मा इस साल के आखिर में आस्ट्रेलिया में होने वाले विश्व कप के लिये टीम संयोजन को लेकर काफी हद तक स्पष्ट हैं।

यूएई में पिछले साल खेले गये विश्व कप में भारत के ग्रुप चरण से बाहर होने के रवि शास्त्री की जगह कोच पद संभालने वाले पूर्व कप्तान द्रविड़ की पहली बड़ी परीक्षा आस्ट्रेलिया में होगी। द्रविड़ ने कहा कि वह और रोहित जानते हैं कि विश्व कप में टीम संयोजन क्या होना चाहिए।

द्रविड़ ने तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में वेस्टइंडीज पर 17 रन की जीत के बाद रविवार को यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि मेरे और रोहित तथा चयनकर्ताओं और प्रबंधन के बीच इसको (टीम संयोजन) लेकर स्पष्ट तस्वीर है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि इसका कोई तय फार्मूला है लेकिन हम (टी20 विश्व कप के लिये) संयोजन और संतुलन को लेकर काफी हद तक स्पष्ट हैं। हम इसी के इर्द गिर्द टीम को तैयार कर रहे हैं और खिलाड़ियों के कार्यभार को संतुलित कर रहे हैं। ’’

द्रविड़ ने कहा, ‘‘आस्ट्रेलिया के लिये हमें कैसा कौशल चाहिए उसको लेकर हमारी राय स्पष्ट है जिसके आधार पर हम आगे बढ़ रहे हैं। हमने कोई निश्चित मानदंड तय नहीं किये हैं लेकिन हम सभी को उचित मौका देना चाहते हैं।’’

भारत के कुछ खिलाड़ी चोटिल होने तो कुछ विश्राम दिये जाने के कारण वेस्टइंडीज के खिलाफ श्रृंखला में नहीं खेल पाये और द्रविड़ ने कहा कि पूरी प्रक्रिया सभी खिलाड़ियों (बैक अप) को तैयार रखने से जुड़ी है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम जिस दौर में जी रहे हैं उसमें यह आसान नहीं है। मुझे नहीं लगता कि इसकी कोई समय सीमा है जब आप यह कह सको कि यह टीम तय है। ’’

द्रविड़ ने कहा, ‘‘हम स्वयं को केवल 15 खिलाड़ियों तक सीमित नहीं करना चाहते हैं। हम खिलाड़ियों को मौका देना चाहते हैं। हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं जब तक हम विश्व कप खेलने के लिये जाएं हमारे कुछ खिलाड़ियों को कम से कम 10-15-20 मैचों का अनुभव हो। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘इससे रोहित को उनके साथ खेलने, उन्हें अपनी मनमाफिक स्थिति में गेंदबाजी सौंपने का मौका मिलेगा लेकिन संतुलन बनाये रखने के लिये हमें किसी खिलाड़ी के चोटिल होने की स्थिति में कुछ ‘बैक अप’ भी चाहिए। ’’

द्रविड़ ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की नीलामी में सबसे बड़ी कीमत पर बिकने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन का पूरा समर्थन किया जो श्रृंखला में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाये थे।

उन्होंने कहा, ‘‘इशान को उनकी क्षमता, प्रदर्शन के आधार पर चुना गया। यहां तक कि रुतुराज गायकवाड़ और आवेश खान का भी हम एक मैच के आधार पर आकलन नहीं कर रहे हैं। वे इसलिए यहां हैं क्योंकि उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया और वे इसके हकदार थे।’’

द्रविड़ को खुशी है कि चोटिल हार्दिक पंड्या की अनुपस्थिति में वेंकटेश अय्यर को जो भूमिका सौंपी गयी, उस पर वह खरा उतरे।

उन्होंने कहा, ‘‘हम जानते हैं कि वह अपनी आईपीएल फ्रेंचाइजी में अलग तरह की भूमिका (ओपनर) निभाता है लेकिन हमारी राय स्पष्ट थी कि हम उसे अपनी स्थिति के अनुसार किस तरह की भूमिका देना चाहते हैं। हमारे पास शीर्ष तीन में जगह नहीं है। ’’

द्रविड़ ने कहा, ‘‘इसलिए हमने उसके सामने एक चुनौती रखी। हमने उसे एक भूमिका सौंपी और हर बार उसने बेहतर खेल दिखाया, उसमें सुधार दिखायी दिया जिसे देखकर वास्तव में अच्छा लगा।’’

वेंकटेश ने तीन मैचों में 184.00 की स्ट्राइक रेट से 92 रन बनाये और छठे गेंदबाज के रूप में 13.50 की औसत से दो विकेट भी लिये।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 21, 2022 01:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).