नयी दिल्ली, 16 नवंबर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) के क्रिकेट निदेशक माइक हेसन ने बुधवार को कहा कि उन्हें सूचना मिली है कि चोटिल ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 16वें सत्र से पहले वापसी कर लेंगे।
आक्रामक बल्लेबाज और ऑफ ब्रेक गेंदबाजी करने वाले मैक्सवेल इंग्लैंड के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला से बाहर हो गए। एक अजीब दुर्घटना में पैर टूट जाने के बाद मैक्सवेल के 12 सप्ताह तक बाहर रहने की संभावना है।
एक दोस्त के 50वें जन्मदिन की पार्टी के दौरान मैक्सवेल को यह चोट लगी जिसके बाद रविवार को उनकी सर्जरी हुई।
हेसन ने आरसीबी द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में कहा, ‘‘ग्लेन मैक्सवेल को लेकर थोड़ी चिंता है, टूटे पैर के साथ वह रिटेंशन (खिलाड़ी को टीम में बरकरार रखना) चरण की ओर बढ़ रहा है। हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास जानकारी है कि वह आईपीएल (अगले साल) से काफी पहले वापसी कर लेगा और क्रिकेट खेलेगा। टीम में तीन आयामी खिलाड़ी का होना उस टीम को संतुलित करने के मामले में काफी महत्वपूर्ण होता है।’’
आईपीएल 2021 से पहले आरसीबी से जुड़े मैक्सवेल टीम के प्रमुख सदस्य रहे हैं। उनके 2021 सत्र में बल्ले से प्रभावी प्रदर्शन के बाद फ्रेंचाइजी ने उन्हें 11 करोड़ रुपये में अपने साथ बरकरार रखा।
मैक्सवेल ने पिछले सत्र में 13 मैच में 301 रन बनाए थे।
हेसन ने अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक की भी पिछले सत्र में फिनिशर की भूमिका में प्रभावी प्रदर्शन के लिए सराहना की।
उन्होंने कहा, ‘‘हम शीर्ष क्रम में फाफ, विराट और फिन एलेन तथा रजत पाटीदार के साथ काफी सहज हैं। हम इसे वास्तव में एक मजबूत शीर्ष क्रम के रूप में देखते हैं जिसमें हम जरूरत पड़ने पर बदलाव कर सकते हैं।’’
हेसन ने कहा, ‘‘डीके (कार्तिक) पिछले साल फिनिशिर की भूमिका में हमारे लिए बहुत अच्छा था। हम उसकी मौजूदगी को लेकर उत्सुक हैं। वह जो अनुभव लाता है वह वास्तव में मूल्यवान है।’’
आरसीबी ने छोटी नीलामी से पहले केवल चार खिलाड़ियों अनीश्वर गौतम, चामा मिलिंद, लवनिथ सिसोदिया और शेरफाइन रदरफोर्ड को रिलीज किया था।
मैक्सवेल 13 दिसंबर से चार फरवरी तक चलने वाली बिग बैश लीग में भी संभवत: नहीं खेल पाएंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY