एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | दिल्ली में लू चलने की आशंका, 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है अधिकतम तापमान

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को लू चलने की आशंका है और अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

देश की खबरें | दिल्ली में लू चलने की आशंका, 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है अधिकतम तापमान

नयी दिल्ली, नौ अप्रैल राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को लू चलने की आशंका है और अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि दिल्ली में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 19.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस वक्त के मौसम के लिहाज से सामान्य है। वहीं, सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 48 प्रतिशत दर्ज रिकॉर्ड की गई।

शुक्रवार को दिल्ली को ‘भीषण गर्मी’ का सामना करना पड़ा था और अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस अधिक यानी 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो इस साल अभी तक सबसे अधिक है।

मौसम विज्ञान कार्यालय ने शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में ‘भीषण गर्मी’ की चेतावनी यानी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

आईएमडी मौसम चेतावनियों के लिए चार ‘कलर कोड’ का इस्तेमाल करता है, जिसमें ग्रीन (कोई कार्रवाई की आवश्यकता नहीं), येलो (देखो और अद्यतन जानकारी लेते रहो), ऑरेंज (तैयार रहो) और रेड (कदम उठाओ) शामिल हैं।

मैदानी इलाकों के लिए ‘गर्मी’ की घोषणा तब की जाती है, जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक और सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक हो जाता है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में बनी हुई है और सुबह आठ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 260 पर रहा।

शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 09, 2022 10:51 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).