जरुरी जानकारी | केरल में व्यापक स्तर पर बदलाव हो रहे हैं, इसे निवेश स्थल बनाने के प्रयास जारी: मुख्यमंत्री विजयन

कोच्चि, 21 फरवरी केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने राज्य में विकास की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए शुक्रवार को कहा कि राज्य में व्यापक स्तर पर बदलाव हो रहे हैं और निवेशक अनुकूल ढांचा सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं।

विजयन ने यहां केरल निवेश वैश्विक शिखर सम्मेलन (आईकेजीएस) का उद्घाटन करते हुए कहा कि राज्य को निवेश गंतव्य बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा और कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

उन्होंने जोर देकर कहा, ‘‘ हम आलोचनाओं को गंभीरता से लेते हैं और यह समझने का प्रयास करते हैं कि केरल को निवेश गंतव्य बनाने की दिशा में हमें और क्या करना चाहिए।’’

विजयन लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ हमने प्रक्रियाओं को सरल बनाने में अच्छी प्रगति की गई है। ’’

विजयन ने कहा कि सरकार खुद को निवेश के लिए सुविधा मुहैया कराने वाला और मुख्य स्रोत मानती है।

उन्होंने साथ ही कहा कि उच्च शिक्षा क्षेत्र में बदलाव के लिए भी व्यापक कदम उठाए जा रहे हैं।

इस कार्यक्रम में केरल के उद्योग मंत्री पी. राजीव ने कहा कि राज्य में निवेश करने का यह सही समय है, क्योंकि यह निवेश के लिए सुरक्षित स्थान है।

उन्होंने कहा कि राज्य ने 22 प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की पहचान की है और औद्योगिक नीति प्रकृति, लोगों और उद्योग पर केंदित है।

इस दो दिवसीय शिखर सम्मेलन में करीब 3,000 प्रतिभागियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)