देश की खबरें | रंगमंच के दिग्गज अल्काजी ने दुनिया को कहा अलविदा, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने शोक प्रकट किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. रंगमंच की दिग्गज हस्ती और विख्यात ड्रामा टीचर इब्राहिम अल्काजी का मंगलवार की दोपहर को निधन हो गया। वह 94 साल के थे।
नयी दिल्ली, चार अगस्त रंगमंच की दिग्गज हस्ती और विख्यात ड्रामा टीचर इब्राहिम अल्काजी का मंगलवार की दोपहर को निधन हो गया। वह 94 साल के थे।
अल्काजी के बेटे ने बताया कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फिल्म एवं नाट्य जगत की हस्तियों ने उनके निधन पर शोक प्रकट किया है।
कोविंद ने कहा कि अल्काजी के निधन से मंचन कला की दुनिया में एक रिक्तता पैदा हो गयी है।
यह भी पढ़े | दिल्ली: कोरोना को मात दे चुके 106 वर्षीय बुजुर्ग ने कहा, ऐसी बीमारी पहले नहीं देखी.
उन्होंने कहा, ‘‘ इब्राहिम अल्काजी भारतीय रंगमंच की दिग्गज हस्ती और कलाकारों की कई पीढ़ियों के प्रेरणास्रोत थे... पद्म विभूषण से सम्मानित इस हस्ती की विरासत सदैव जिंदा रहेगी। उनके परिवार, विद्यार्थियों एवं कलाप्रेमियों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।
मोदी ने रंगमंच की दिग्गज हस्ती इब्राहिम अल्काजी के निधन पर मंगलवार को शोक प्रकट करते हुए कहा कि इस कला को कहीं अधिक लोकप्रिय बनाने और समूचे भारत में इसे पहुंचाने की उनकी कोशिशों को लेकर उन्हें याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘कला और संस्कृति के क्षेत्र में उनका योगदान बहुमूल्य है। उनके निधन से दुख हुआ है। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी संवेदना है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।’’
सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने अल्काजी के निधन पर ट्वीट किया, ‘‘ रंगमंच के जादू इब्राहिम अल्काजी के निधन की खबर से बहुत दुखी हूं। भारत में रंगमंच की दुनिया में क्रांति लाने और एनएसडी को कलाकारों के वास्ते बड़ा प्रशिक्षण केंद्र बनाने में उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा। ओम शांति।’’
अल्काजी राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में सबसे लंबे समय तक निदेशक के पद पर रहे। उन्होंने गिरीश कर्नाड के ‘तुगलक’, धर्मवीर भारती के ‘अंधायुग’ जैसे लोकप्रिय नाटकों का निर्माण किया।
अल्काजी के परिवार में बेटे फैसल अल्काजी और बेटी अमाल अलाना है। दोनों जाने-माने नाट्य निर्देशक हैं।
फैसल अल्काजी ने पीटीआई- को बताया, ‘’ दिल के तेज दौरे के बाद आज दो बजकर 45 मिनट पर मेरे पिता का निधन हो गया। उन्हें परसों एस्कोर्ट अस्पताल में भर्ती किया गया था।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)