विदेश की खबरें | दुनियाभर में आतिशबाजी और रोशनी की जगमगाहट के साथ नए साल का स्वागत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. नए साल की शुरुआत मध्य प्रशांत क्षेत्र में किरीबाती जैसे छोटे देश से शुरू हुई और फिर ‘टाइम जोन’ के अनुसार रूस तथा न्यूजीलैंड में होते हुए एशिया, यूरोप और फिर अमेरिकी देशों में नववर्ष प्रारंभ हुआ।
नए साल की शुरुआत मध्य प्रशांत क्षेत्र में किरीबाती जैसे छोटे देश से शुरू हुई और फिर ‘टाइम जोन’ के अनुसार रूस तथा न्यूजीलैंड में होते हुए एशिया, यूरोप और फिर अमेरिकी देशों में नववर्ष प्रारंभ हुआ।
न्यूयॉर्क के ऐतिहासिक टाइम्स स्क्वायर पर जगमगाहट और उमंग भरे माहौल के बीच वर्ष 2023 की आगवानी की गई। नए साल का स्वागत करने के लिए जमा हुए लोगों के नजदीक हथियार लहराते एक आदमी के पहुंचने पर उनकी न्यूयॉर्क शहर के दो अधिकारियों से धक्का-मुक्की हो गई। इस झगड़े में दोनों अधिकारी घायल हो गए और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
अधिकारियों के अनुसार, दोनों को मामूली चोट पहुंची हैं और संदिग्ध को हिरासत में ले लिया गया।
यूक्रेन के खारकीव में बच्चे भीड़भाड़ वाले एक मेट्रो स्टेशन पर सेंट निकोलस से मिले।
हालांकि रूस की ओर से नववर्ष की पूर्व संध्या पर भी यूक्रेन पर हमले जारी रहे। राजधानी कीव की सड़कें आधी रात के समय सुनसान नजर आ रही थीं। लोगों ने अपनी बालकनी से ही ‘हैप्पी न्यू ईयर’ और ‘ग्लोरी टू यूक्रेन’ बोलकर नया साल मनाया।
रात 12 बजने से करीब आधे घंटे पहले ही यूक्रेन की राजधानी में हवाई हमलों के प्रति चौकन्ना करने वाले सायरन बजे लगे और इसके बाद विस्फोटों की आवाज सुनाई दी।
कीव के मेयर विताली क्लिश्चोको ने होलोसीवस्की जिले में एक विस्फोट होने की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि एक मिसाइल के टुकड़े गिरने से एक कार क्षतिग्रस्त हो गई।
पेरिस में चैंप्स एलिसीज में हजारों लोग नए साल के इंतजार में जमा हुए। राष्ट्रपति एमैनुअल मैक्रों ने नए साल के अपने टेलीविजन संबोधन में यूक्रेन के लिए समर्थन जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
उन्होंने कहा, ‘‘आने वाले साल में हम आपके समर्थन में बने रहेंगे। हम विजय होने तक आपकी मदद करेंगे और दीर्घकालिक एवं न्यायोचित शांति के लिए मिलकर रहेंगे।’’
लंदन में टेम्स नदी के आसपास एक लाख से अधिक लोग जमा हुए। इस दौरान बिग बेन के घंटे बजने लगे और लोगों ने लंदन आई के आसपास आतिशबाजी का शानदार नजारा देखा।
आसमान में आतिशबाजी के दौरान एक सिक्के पर महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की तस्वीर उकेरी गई और सबसे लंबे समय तक ब्रिटिश राजशाही का नेतृत्व करने वाली महारानी को श्रद्धांजलि दी गई। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का सितंबर में निधन हो गया था।
ब्राजील में रियो डि जेनेरो के कोपाकेबाना बीच पर नए साल के स्वागत के लिए कुछ ही लोग जमा हुए और कोरोना वायरस को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच अधिकतर ब्राजील निवासियों ने अपने समारोहों को रद्द कर दिया।
सामान्य तौर पर महामारी से पहले तक कोपाकेबाना बीच पर नए साल का जश्न मनाने के लिए 20 लाख से अधिक लोग जमा होते रहे हैं।
तुर्की के सबसे अधिक आबादी वाले इस्तांबुल शहर में सड़कों पर आतिशबाजी के साथ जश्न मनाया गया। सेंट एंटुआन कैथलिक चर्च में बड़ी संख्या में ईसाई धर्मालंबियों ने नए साल के स्वागत के लिए प्रार्थना सभा में भाग लिया।
पूर्व पोप बेनेडिक्ट 16वें के निधन के बाद उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए भी लोग जमा हुए।
न्यूयॉर्क में, कई बार हुई बारिश भी जश्न मनाने वालों का जोश कम नहीं कर सकी और पूरे अमेरिका में जंबो स्क्रीन, नियॉन और तरह-तरह की रोशनी के बीच खुशियां मनाई गईं।
ऑस्ट्रेलिया में सिडनी के वाटरफ्रंट के पास दस लाख से अधिक लोग जमा हुए। वहां विविधता और समावेश की थीम पर नए साल की प्रतीक्षा की गई।
सिडनी हार्बर ब्रिज के शीर्ष से 7,000 से अधिक पटाखे चलाए गए और पास में ओपरा हाउस से भी आतिशबाजी की गई।
न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में स्काई टॉवर के नीचे बड़ी संख्या में इकट्ठे हुए लोगों ने 10 सेकंड की उलटी गिनती के साथ आतिशबाजी करते हुए नए साल का स्वागत किया।
चीन में लोगों ने नए साल के स्वागत में सावधानियां बरतीं। वहां महामारी को लेकर लगाई गईं कड़ी पाबंदियों में अचानक से ढील दिए जाने से वायरस का प्रकोप फैल गया है। हालांकि सामान्य जनजीवन की ओर लौटने के संकेत भी मिल रहे हैं।
एपी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 01, 2023 01:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

