एजेंसी न्यूज

दुनिया कोरोना वायरस से लड़ रही है, आतंकी जम्मू कश्मीर में शांति बिगाड़ने प्रयासरत :पुलिस

पुलिस महानिदेशक ने कहा कि हाल की एक रिपोर्ट बताती है कि पाकिस्तान में आतंकवादी प्रशिक्षण केंद्रों और उसके कब्जे वाले कश्मीर में कई आतंकवादी कोरोना वायरस से संक्रमित हैं।

दुनिया कोरोना वायरस से लड़ रही है, आतंकी जम्मू कश्मीर में शांति बिगाड़ने प्रयासरत :पुलिस
जमात

जम्मू, 21 अप्रैल जम्मू कश्मीर के पुलिस प्रमुख दिलबाग सिंह ने मंगलवार को कहा कि जब पूरी दुनिया कोरोना वायरस महामारी से लड़ रही है तब पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी इस केंद्रशासित प्रदेश में शांति भंग करने के प्रयास कर रहे हैं।

पुलिस महानिदेशक ने कहा कि हाल की एक रिपोर्ट बताती है कि पाकिस्तान में आतंकवादी प्रशिक्षण केंद्रों और उसके कब्जे वाले कश्मीर में कई आतंकवादी कोरोना वायरस से संक्रमित हैं।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी एजेंसियां आतंकवादियों को अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पार कराने में मदद कर रही हैं।

सिंह और जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल जी सी मुर्मू के सलाहकार आर आर भटनागर ने कश्मीर घाटी में सुरक्षा की स्थिति एवं कोविड-19 संकट पर चर्चा करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से बैठक की।

हाल के आतंकवादी हमलों का जिक्र करते हुए पुलिस महानिदेशक ने कहा , ‘‘ जब पूरी दुनिया कोरोना वायरस महामारी का मुकाबला करने की कोशिश कर रही है तब पाकिस्तान और उसके प्रायोजित आतंकवादी जम्मू कश्मीर में जिंदगियां सुरक्षित रखने के लिए उठाये गये कदमों को बाधित करने के लिए प्रयास कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि वर्तमान स्वास्थ्य संकट के दौरान भारतीय सुरक्षाबल सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को बनाए रखते हुए शांति को मजबूत करते रहेंगे ।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी एजेंसियां शांति एवं सामान्य स्थिति एवं लोगों की जिंदगी और आजीविका को बिगाड़ने के अपने नापाक इरादे के लिए पाकिस्तान और पीओके में लांचिंग पैड से आतंकादियों को नियंत्रण रेखा एवं सीमा पार कराने में लगी हुई हैं।

भटनागर ने कोरोना वायरस की स्थिति से निपटने तथा इसके खिलाफ स्वास्थ्य विभाग और नागरिक प्रशासन की लड़ाई में सहयोग देने को लेकर पुलिस एवं सुरक्षाबलों के प्रयासों की सराहना की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 21, 2020 11:41 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).