नोएडा (उप्र), चार अप्रैल थाना बिसरख क्षेत्र के पुराना हैबतपुर गांव में एक घर की छत पर महिला और उसकी छह वर्षीय बेटी और पांच वर्षीय बेटे का शव रेलिंग पर फंदे से लटका मिला है।
महिला ने पति से हुए विवाद के बाद बेटी और बेटे सहित कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।
परिवार के लोग तीनों को अस्पताल ले गए, जहां पर डॉक्टरो ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर को एक निजी अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली कि आरती (35) पत्नी राजकुमार, उनकी बेटी और बेटे को उनके परिवार के लोगों द्वारा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां पर उनकी मौत हो गई है।
उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने जब डॉक्टर से बात की तो पता चला कि तीनों की मौत फांसी लगाने से हुई है।
अवस्थी ने बताया कि घटना की शुरुआती जांच से ज्ञात हुआ की आरती ने घरेलू क्लेश के कारण घर की छत पर जाकर अपनी बेटी और बेटे के साथ छत की रेलिंग पर दुपट्टे से लटक कर जान दे दी।
उन्होंने बताया की आरती ने अपनी बेटी को पहले एक फंदे से लटकाया। उसके बाद अपने बेटे के साथ एक ही फंदे में खुद लटक गई थी।
अवस्थी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरती का पति ऑटो रिक्शा चलाता है। वह सुबह के समय ऑटो रिक्शा लेकर काम पर निकल गया था।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि रात को और सुबह के समय आरती और उसके पति में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
अवस्थी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY