उन्नाव (उप्र), 18 मई उन्नाव जिले के बेहटा मुजावर क्षेत्र में सोमवार को प्रवासी श्रमिकों को ले जा रही एक गाड़ी का पहिया निकल जाने के कारण हुए हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई जबकि 23 अन्य घायल हुए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये तथा गम्भीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर ने बताया कि दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके से लगभग 25 मजदूरों को लेकर आजमगढ़ जा रही एक पिकअप बोलेरो गाड़ी उन्नाव के बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र स्थित आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर गौरिया कलां के पास पहिया निकल जाने की वजह से दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
उन्होंने बताया कि इस हादसे में घायल हुए सभी मजदूरों को पुलिस ने औरास और बांगरमऊ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया, जहां गंभीर रूप से घायल रामजी (28) और सुरेन्द्र कुमार आंचल (40) की इलाज के दौरान मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये तथा गम्भीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर पीड़ितों को हर सम्भव राहत प्रदान करने तथा सभी घायलों का समुचित उपचार कराने के भी निर्देश दिए हैं।
सं सलीम
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)













QuickLY