एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | शेयर बाजारों में दो दिन की तेजी थमी, सेंसेक्स 207 अंक टूटा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख के बीच शेयर बाजारों में पिछले दो दिन से जारी तेजी का सिलसिला बुधवार को थम गया। मासिक डेरिवेटिव्स अनुबंधों के निपटान की वजह से भी बाजार में उतार-चढ़ाव रहा।

जरुरी जानकारी | शेयर बाजारों में दो दिन की तेजी थमी, सेंसेक्स 207 अंक टूटा

मुंबई, 27 अक्टूबर वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख के बीच शेयर बाजारों में पिछले दो दिन से जारी तेजी का सिलसिला बुधवार को थम गया। मासिक डेरिवेटिव्स अनुबंधों के निपटान की वजह से भी बाजार में उतार-चढ़ाव रहा।

कारोबारियों ने कहा कि रुपये में गिरावट तथा कंपनियों के मिलेजुले तिमाही नतीजों से भी बाजार धारणा प्रभावित हुई।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 206.93 अंक या 0.34 प्रतिशत के नुकसान से 61,143.33 अंक पर आ गया। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 57.45 अंक या 0.31 टूटकर 18,210.95 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की कंपनियों में एक्सिस बैंक का शेयर सबसे अधिक 6.52 प्रतिशत टूटा। बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, इंडसइंड बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाटा स्टील और एनटीपीसी के शेयर भी नुकसान में रहे।

वहीं दूसरी ओर एशियन पेंट्स, सन फार्मा, इन्फोसिस, एसबीआई, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारती एयरटेल और एचसीएल टेक के शेयर 4.42 प्रतिशत तक के लाभ में रहे।

मारुति सुजुकी का सितंबर तिमाही का एकीकृत शुद्ध लाभ 66 प्रतिशत की गिरावट के साथ 487 करोड़ रुपये रहा है। इसके बावजूद कंपनी का शेयर मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘वैश्विक धारणा के अनुरूप घरेलू बाजार भी नकारात्मक दायरे में रहे। वित्तीय कंपनियों के शेयरों में गिरावट से बाजार नीचे आया।’’

रेलिगेयर ब्रोकिंग के उपाध्यक्ष-शोध अजित मिश्रा ने कहा, ‘‘मिलेजुले वैश्विक रुख के बीच बाजार में कारोबार सुस्त रहा। शुरुआत में एशियाई बाजारों के कमजोर रुख से धारणा प्रभावित हुई।’’

बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप 0.30 प्रतिशत तक चढ़ गए।

अन्य एशियाई बाजारों में चीन के शंघाई कम्पोजिट, हांगकांग के हैंगसेंग, जापान के निक्की तथा दक्षिण कोरिया के कॉस्पी में नुकसान रहा।

दोपहर के कारोबार में यूरोपीय बाजारों में गिरावट थी।

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट कच्चा तेल 1.09 प्रतिशत के नुकसान से 84.72 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया सात पैसे के नुकसान से 75.03 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

इस बीच, शेयर बाजारों के अस्थायी आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 2,368.66 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 27, 2021 06:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).