एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला थमा, सेंसेक्स 234 अंक चढ़ा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजार में पिछले दो कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट पर मंगलवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स 234 अंक के लाभ में रहा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी फिर 23,700 अंक के स्तर को पार कर गया।

जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला थमा, सेंसेक्स 234 अंक चढ़ा

मुंबई, सात जनवरी स्थानीय शेयर बाजार में पिछले दो कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट पर मंगलवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स 234 अंक के लाभ में रहा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी फिर 23,700 अंक के स्तर को पार कर गया।

वैश्विक बाजारों में मजबूत रुख के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक और एलएंडटी जैसी बड़ी कंपनियों के शेयरों में लिवाली से बाजार में तेजी रही।

हालांकि, कंपनियों के तिमाही नतीजों से पहले और डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर में गिरावट से सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) शेयरों में नुकसान से बाजार का लाभ सीमित रहा।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 234.12 अंक यानी 0.30 प्रतिशत की बढ़त के साथ 78,199.11 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 487.75 अंक तक चढ़ गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 91.85 अंक यानी 0.39 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,707.90 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में शामिल तीस शेयरों में अदाणी पोर्ट्स सर्वाधिक लाभ में रही। इसके अलावा टाटा मोटर्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स, नेस्ले इंडिया, अल्ट्राटेक सीमेंट, लार्सन एंड टुब्रो के शेयर प्रमुख रूप से लाभ में रहे।

इसके उलट, जोमैटो, एचसीएल टेक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, कोटक महिंद्रा बैंक और इन्फोसिस के शेयरों में गिरावट आई।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट सूचकांक बढ़त में जबकि हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर कारोबार में तेजी का रुख रहा। अमेरिकी बाजार सोमवार को बढ़त में रहे थे।

अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया पांच पैसे टूटकर 85.73 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 2,575.06 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76.21 डॉलर प्रति बैरल रहा।

बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 1,258.12 टूटा था, जबकि एनएसई निफ्टी में 388.70 अंक की बड़ी गिरावट आई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 07, 2025 04:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).