देश की खबरें | पहले जी-20 संस्कृति कार्य समूह की बैठक का विषय सांस्कृतिक विरासत का सरंक्षण व बहाली होगा

नयी दिल्ली, 15 फरवरी मध्य प्रदेश के खजुराहो में 22 से 25 फरवरी तक होने वाले पहले जी-20 संस्कृति कार्य समूह की बैठक का विषय सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और बहाली होगा।

केंद्रीय संस्कृति सचिव गोविंद मोहन ने यहां मीडिया से बातचीत के दौरान यह भी कहा कि इस कार्य समूह के तहत दूसरी और तीसरी बैठक ओडिशा के भुवनेश्वर और कर्नाटक के हम्पी में होगी।

खजुराहो में एक से एक उत्कृष्ट मंदिर हैं जो यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल का हिस्सा हैं। मूर्तियों के लिए प्रसिद्ध ये मंदिर मध्य प्रदेश के पिछड़े बुंदेलखंड क्षेत्र में स्थित है।

मोहन ने कहा, ‘‘जी-20 संस्कृति कार्य समूह की पहली बैठक मध्य प्रदेश के खजुराहो में होगी। इसके बाद दूसरी भुवनेश्वर में और तीसरी हम्पी में होगी। चौथी बैठक के लिए स्थान अभी तय नहीं किया गया है।’’

उन्होंने कहा कि जी-20 बैठकों के दौरान भारत की सांस्कृतिक समृद्धि और विविधता को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।

संस्कृति सचिव ने कहा कि खजुराहो में जी-20 संस्कृति कार्य समूह की पहली बैठक का विषय सांस्कृतिक संपत्तियों की सुरक्षा और बहाली होगा।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बैठक में हिस्सा लेंगे।

अधिकारी ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत खजुराहो में इस विषय पर एक प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘हम जी-20 संग्रहालय स्थापित करने पर भी काम कर रहे हैं और सदस्य देशों से कम से कम एक महत्वपूर्ण कलाकृति मंगाने की कोशिश कर रहे हैं।’’

जी-20 समूह दुनिया की प्रमुख विकसित और विकासशील अर्थव्यवस्थाओं का एक अंतर-सरकारी मंच है।

जी-20 समूह में अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मेक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्किये, ब्रिटेन, अमेरिका और यूरोपीय संघ (ईयू) शामिल हैं।

भारत ने पिछले साल एक दिसंबर को जी-20 की अध्यक्षता संभाली थी।

इस अवधि में देश भर में 55 स्थानों पर 200 से अधिक बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिसका समापन इस साल सितंबर में दिल्ली में एक शिखर सम्मेलन के साथ होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)