देश की खबरें | उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश से पारा लुढ़का, कश्मीर में कड़ाके की ठंड
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में सोमवार को हल्की बारिश के बाद पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में दिन के तापमान में तेजी से गिरावट आई, जबकि कश्मीर में भीषण शीतलहर जारी रही और पारा शून्य से कई डिग्री नीचे चला गया।
नयी दिल्ली, 23 दिसंबर उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में सोमवार को हल्की बारिश के बाद पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में दिन के तापमान में तेजी से गिरावट आई, जबकि कश्मीर में भीषण शीतलहर जारी रही और पारा शून्य से कई डिग्री नीचे चला गया।
हिमाचल प्रदेश में शिमला और आसपास के इलाकों में भी हल्की बर्फबारी हुई, जिसके कारण राज्य में 30 सड़कें बंद हो गईं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को सुबह बूंदाबांदी हुई और कोहरा छाया रहा तथा न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री कम है।
हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में बारिश होने के कारण अधिकतम तापमान में भारी गिरावट आई।
मौसम विभाग के अनुसार चंडीगढ़ में दिन में हल्की बारिश हुई और अधिकतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री कम है।
हरियाणा में अंबाला में अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हिसार में भी अधिकतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिन में करनाल में भी ठंड का प्रकोप रहा और यहां अधिकतम तापमान 13.6 डिग्री रहा, जबकि सिरसा में अधिकतम तापमान 14.8 डिग्री दर्ज किया गया।
हालांकि हरियाणा के हिसार (10.8 डिग्री), रोहतक (11.8 डिग्री) और गुरुग्राम (11.4 डिग्री) सहित कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा।
पंजाब के पटियाला में अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से छह डिग्री कम था।
अमृतसर में अधिकतम तापमान 16.4 डिग्री जबकि लुधियाना में 14.5 डिग्री दर्ज किया गया।
पंजाब में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य सीमा के करीब या उससे नीचे रहा और गुरदासपुर में चार डिग्री तापमान दर्ज किया गया और भीषण ठंड रही।
जम्मू-कश्मीर में मौसम विभाग ने पर्यटकों से कहा है कि वे कश्मीर घाटी में महत्वपूर्ण ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान शून्य से नीचे रहने और सड़कों पर बर्फीली स्थिति को देखते हुए यातायात पुलिस द्वारा जारी किए गए परामर्श का पालन करें।
घाटी में भीषण शीतलहर की स्थिति बनी रही, जिससे पानी की आपूर्ति वाली पाइपलाइनें में बर्फ जम गईं, जबकि कई जलाशयों की सतह पर बर्फ की पतली परत जम गई।
मौसम विभाग ने बताया कि श्रीनगर में रविवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात से करीब चार डिग्री अधिक था।
पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट का अनुमान जताया है।
हिमाचल की राजधानी शिमला में सोमवार को मौसम की दूसरी हल्की बर्फबारी हुई, जबकि राज्य के कुछ अन्य हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी हुई।
कुफरी और नारकंडा के नजदीकी पर्यटन स्थलों और अटल सुरंग के खरापाथर, चौधर और चांशल साउथ पोर्टल और समधो के ऊंचे इलाकों में भी बर्फबारी हुई।
शिमला में आठ सेमी बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि कल्पा में सात सेमी बर्फबारी हुई।
मौसम विभाग ने बताया कि हिमाचल के निचले पहाड़ी क्षेत्रों के कुछ इलाकों में रुक-रुक कर हल्की बारिश हुई।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने बताया कि बर्फबारी के कारण 30 सड़कों पर आवाजाही बंद कर दी गई।
बर्फबारी से पर्यटकों, स्थानीय लोगों और किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई।
मौसम विभाग ने सोमवार, मंगलवार, शुक्रवार और शनिवार को हिमाचल प्रदेश के मध्य और ऊंचे इलाकों में बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया है।
बर्फबारी से सेब उत्पादकों में भी खुशी की लहर दौड़ गई है, जिससे ऊपरी शिमला क्षेत्र में अच्छी पैदावार की उम्मीद जगी है।
हालांकि, ऊना, हमीरपुर, चंबा और मंडी समेत निचली पहाड़ियों में भीषण शीतलहर जारी रही।
मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार तक बिलासपुर, ऊना, हमीरपुर और मंडी में भीषण ठंड के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
ताबो राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 10.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने कहा कि शुक्रवार से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और आसपास के मैदानी इलाकों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव की संभावना है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 23, 2024 11:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

